रामनगर-सीतावनी मार्ग पर टेड़ा गांव के तिलमठ मंदिर के पास बरसाती नाले के बहाव में शुक्रवार को एक यात्री बस बहकर पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार यात्री जान बचाने के लिए उसके ऊपर चढ़कर गए। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण, प्रशासन व फायर ब्रिगेड की टीम ने सभी यात्रियों को सकुशल निकाला। यात्रियों को तिलमठ मंठिर से उनके गंतव्य को भेजा गया।
Uttarakhand Weather News: मसूरी में भारी बारिश से नकुसान, पुश्ता गिरने से मलबे में दबी कई गाड़ियां
रामनगर में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश के बाद दोपहर में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। साढ़े तीन घंटे की भारी बारिश के बाद रानीखेत रोड स्थित धनगढ़ी, पनोद गधेरा उफान पर आ गए। इस मार्ग पर छोटे वाहनों की आवाजाही थम गई। सावल्दे नाले में भी पानी आने से यातायात बाधित रहा।
इस बीच टेड़ा रोड पर डौन परेवा जा रही एक यात्री बस तिलमठ मंदिर के पास उफनाए नाले में पलट गई। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के साथ बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। बस में 27 यात्री सवार थे। तहसीलदार विपिन चंद्र पंत ने बताया कि सभी यात्रियों को उनके गंतव्य को भेज दिया।