पैदल ट्रेक से दयारा बुग्याल पहुंचने में असमर्थ पर्यटक मोटर पैराग्लाइडिंग से दयारा बुग्याल के साथ हिमालय का दीदार (हवाई दौरा) कर सकेंगे। ग्राम पंचायत नटीण की पहल पर हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन (हासा) ने नटीण गांव में मोटर पैराग्लाइडिंग का सफल परीक्षण किया है जिसके बाद मोटर पैराग्लाइडिंग के मानकों के अनुसार यहां जमीन तलाशने का काम शुरू हो गया है।
समुद्रतल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित पर्यटन स्थल दयारा बुग्याल (हरी घास के मैदान) की सैर के लिए प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं लेकिन सड़क से 9 किमी की पैदल दूरी और खड़ी चढ़ाई के चलते कई बुग्याल नहीं पहुंच पाते। ऐसे पर्यटकों को ध्यान में रखने के साथ ग्राम पंचायत नटीण ने गांव को पैराग्लाइडिंग का हब बनाने के लिए पहल की है।
Valley of Flowers: पर्यटकों के लिए बंद हुई फूलों की घाटी, इस साल रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा ने किए दीदार
ग्राम प्रधान नटीण महेंद्र पोखरियाल ने बताया कि नटीण गांव में पैराग्लाइडिंग की असीम संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को जमीं पर उतारने के लिए हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने गांव में मोटर पैराग्लाइडिंग का सफल परीक्षण किया है।
बताया कि पैराग्लाइडिंग शुरू होती है तो पर्यटक दयारा बुग्याल के साथ कुश कल्याण, जौराई बुग्याल, सहस्त्रताल व खेड़ाताल सहित हिमालय की चोटियों का दीदार कर सकेंगे। हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव विनय सिंह ने बताया कि कि सफल परीक्षण के बाद यहां मोटर पैराग्लाइडिंग के लिए 200 मीटर व्यास वाली जमीन लीज पर ली जाएगी जिसके बाद करीब सालभर में यहां मोटर पैराग्लाइडिंग शुरू हो जाएगी।