पर्वतीय जिलों में झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी
प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज (बुधवार) झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में दोपहर और शाम के समय 30 से 40 किलोमीटर की तेजी से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा इन जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के भी आसार हैं।
पहाड़ों पर भी चलने लगी गर्म हवा
सामान्य तापमान में चार से पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी होने से पहाड़ों पर भी गर्म हवाएं चलने लगी हैं। मसूरी, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग समेत पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में तापमान में हुई बढ़ोतरी से दिन के समय गर्म हवाएं परेशान करने लगी हैं।
ये भी पढ़ें...पहाड़ों की रानी : अब मसूरी में भी हो रहा है मैदानी इलाकों जैसा अहसास, गर्मी से सैलानी हैरान... शहरवासी परेशान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा, सामान्य तापमान में 4.5 डिग्री की बढ़ोतरी होने के बाद गर्म हवाएं चलती हैं। इस बार मई में मैदान से लेकर पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में सामान्य तापमान में चार से पांच डिग्री तक का इजाफा हुआ है। जिसके चलते पहाड़ों पर गर्म हवाएं चलने लगी हैं।