उत्तराखंड के हल्द्वानी में सुशीला तिवारी हॉस्पिटल के पास एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। वहीं, आरोप है कि कुछ लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी और स्टाफ के साथ हाथापाई भी की। हंगामे से अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई। पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित भीड़ को शांत किया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गौजाजाली में उत्तर हिमालया स्कूल के पास रहने वाले राशिद ने अपनी गर्भवती पत्नी आसमा (26) को दो मई को रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसे पीलिया है।
आसमा की रविवार की दोपहर मौत हो गई। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए। आरोप है कि उन्होंने दो गेटों के शीशे तोड़ डाले। रोकने पर अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस दौरान गुस्साए लोगों ने अस्पताल के प्रबंधक के कमरे के दरवाजे को भी तोड़ने की कोशिश की। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के साथ सीओ शांतनु पाराशर, कोतवाल मनोज रतूड़ी सहित काफी फोर्स अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।