मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के स्वागत में सोमवार को भाजयुमो ने देहरादून शहर में दोपहिया वाहन रैली निकाली। महानगर कार्यालय से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता दोपहिया वाहनों पर सवार होकर प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कई कार्यकर्ता डांस करते हुए रैली के आगे चलते रहे। प्रदेश कार्यालय पहुंचकर तीरथ सिंह रावत और मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। दोपहिया वाहन रैली महानगर कार्यालय से गांधी पार्क, घंटाघर, दर्शनलाल चौक, तहसील चौक, प्रिंस चौक, आराघर चौक होते हुए बलवीर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंची। त्रिवेंद्र सिंह रावत, मदन कौशिक समेत तमाम बड़े नेता रैली में शामिल हुए। कार्यकर्ता पूरे रास्ते दोनों नेताओं, पीएम मोदी और भाजपा के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर प्रदेश पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला ने दावा किया कि रैली में करीब 1500 दोपहिया वाहन चालक शामिल रहे। इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, रविंद्र कटारिया, अक्षत जैन, कुलदीप पंत, आशीष रावत, साक्षी शंकर, भावना चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अनुशासित होने का दावा करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच रैली की शुरूआत में वाहन में चढ़ने को लेकर धक्कामुक्की भी हुई।