झंडीचौड़ रामलीला मैदान में उज्जवला सामाजिक संस्था की ओर से आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में होली के गीतों की धूम रही। इस अवसर पर कलाकारों ने सांस्कृतिक और होली के गीतों पर प्रस्तुति दी। इस दौरान रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे... गीत पर वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत अबीर गुलाल उड़ाते हुए लोगों के साथ खूब थिरके। शनिवार देर शाम को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, संस्था की अध्यक्ष रश्मि सिंह और पूर्व प्रधान सुनीता देवी ने संयुक्त रूप से किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके बाद वी-जॉन ग्रुप, महिला उत्थान समिति भवानीपुर आदि ने रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे..., केसरिया बालम..., मेरो रंगीलो देवर... आदि गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान वन मंत्री ने कहा कि माता और बहनों के संघर्ष के बाद ही हमें उत्तराखंड राज्य मिला है, जिस दिन हम अपनी माता और बहनों के चेहरों पर मुस्कराहट और बेरोजगारों को रोजगार दिलाने में कामयाब होंगे, उसी दिन हमारी असल होली और दीपावली होगी। कार्यक्रम में पार्षद सौरभ नौडियाल, अमित नेगी, अभिलाषा भारद्वाज, शशिबाला केष्टवाल, रेनू कोटनाला, रजनी अग्रवाल, पूनम खंतवाल, सीपी नैथानी, मोहन सिंह रावत, राजेंद्र बिष्ट और सतेेंद्र बिष्ट मौजूद रहे।