उत्तराखंड विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव की खुमारी उतारी। एक दिन पहले तक कार्यकर्ताओं की भीड़ से घिरे नेता अगले दिन अकेले घूमते रहे। पहले आराम किया और फिर रुझानों को लेकर मंथन किया। तस्वीरों में देखिए किसने कैसे बिताया दिन...
चुनाव के दौरान दिन रात एक करने वाले और एक-एक वोट पर नजर रखने वाले प्रत्याशियों ने मतदान के अगले दिन पहले तो चुनाव की थकान उतारी और फिर कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग क्षेत्र में मिले। मतों के आधार पर जीत के गुणा-भाग में जुट गए। किस बूथ तपर मैनेजमेंट कमजोर रहा और कहां के मतदाताओं का रुझान उनके पक्ष में रहा।
इस बारे में कार्यकर्ताओं से देर शाम तक प्रत्याशी चर्चा करते रहे। इसके अलावा प्रत्याशियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में फोन करके सियासी पंडितों और पत्रकारों से भी फीडबैक लिया। एक दिन पहले तक कार्यकर्ताओं की भीड़ से घिरे रहने वाले ज्यादातर विधायक और प्रत्याशी मंगलवार को अकेले घूमते रहे।
सुबह ज्यादातर प्रत्याशी और कार्यकर्ता देर से घर से निकले। उन्होंने आराम करके चुनाव की थकान और खुमारी उतारी। परिवार के साथ समय भी बिताया। हालांकि दोपहर बाद प्रत्याशियों से मिलने के लिए कार्यकर्ता उनके घर, कार्यालय पर पहुंचे और मतों का गुणा-भाग करते नजर आए। देर शाम तक प्रत्याशियों के आवास और चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ता जुटे रहे।
विज्ञापन
2 of 8
कैंट क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सविता कपूर
- फोटो : अमर उजाला
कैंट क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सविता कपूर ने अपने नाती-पोतों के साथ वक्त बिताया। उन्होंने परिजनों के साथ चुनावों को लेकर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कई जगह जाकर लोगों का आभार जताया। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर घर जाकर उन्होंने मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा। फिर शास्त्रीनगर बस्ती जाकर वोटरों से मुलाकात की और उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने कपूर साहब के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वोट डाले हैं, वह सभी का धन्यवाद करती हैं।
विज्ञापन
3 of 8
कैबिनेट मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पहल घर में समय बिताया और फिर काम में जुटे गए। डोभालवाला में अधिकारियों के साथ सीवर लाइन का काम करवाया। सरकारी आवास में उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कुछ देर बाद वह बीमार कार्यकर्ता को देखने और उसकी मदद करने के लिए पहुंचे। यहां से वह नेशविला रोड स्थित अपने आवास पर पहुंचे और खाना खाना। इस दौरान घर के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुट गए, जिनसे मुलाकात कर उन्होंने वोटिंग को लेकर चर्चा की।
4 of 8
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने आधे दिन तक सोकर चुनाव की थकान उतारी। हालांकि इस दौरान उनके आवास पर कार्यकर्ताओं के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया। बाद में वह काफी देर तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठे रहे और वोटों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुल करीब एक लाख 10 हजार वोट पड़े हैं। कई बूथ ऐसे हैं, जहां भाजपा को 80 फीसदी तक वोट पड़ा है। कहा कि इस वर्ष पिछले चुनाव से भी ज्यादा वोटों से जीत का नया रिकॉर्ड बनाएंगे। सरकार हमारी ही बनेगी।
विज्ञापन
5 of 8
कांग्रेस के कैंट क्षेत्र प्रत्याशी सूर्यकांत धस्माना
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के कैंट क्षेत्र प्रत्याशी सूर्यकांत धस्माना ने सुबह परिवार के साथ समय बिताया। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठे और चुनावों को लेकर चर्चा की। इससे पहले सुबह उन्होंने पत्नी के साथ योगाभ्यास किया। कुछ वक्त परिवार के साथ बिताने के बाद उन्होंने पत्रकारों से मुलाकात की। लंच करने के बाद वह चुनाव कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मंत्रणा की। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से आए कार्यकर्ताओं से वोटिंग को लेकर फीडबैक लिया। कहा कि कार्यकर्ताओं ने बताया कि वोटिंग के दौरान कांग्रेस के बस्तों पर कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
विज्ञापन
6 of 8
राजपुर रोड क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी राजकुमार
- फोटो : अमर उजाला
राजपुर रोड क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी राजकुमार मंगलवार को फिर सामाजिक कार्यों में जुट गए। सुबह उन्होंने घर पर आए कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। इसके बाद वह रविदास जयंती पर आयोजित शोभायात्रा में शामिल हुए। यहां से वह महिलाओं की बैठक में शामिल हुए और वोटों की समीक्षा की। यूथ कांग्रेस पदाधिकारी के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह अपने कैंप कार्यालय में पहुंचे। यहां उन्होंने काफी देर तक लोगों से मुलाकात की और उनका फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने सकारात्मक बदलाव के लिए वोट डाला है।
विज्ञापन
7 of 8
आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल गंगोत्री विधानसभा के कामर गांव में छह किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे। कोठियाल ने कहा कि उन्होंने कामार गांव की जनता से इस गांव में आने का वादा किया था लेकिन अधिक व्यस्तता होने के कारण वह आ नहीं पाए थे। जिस कारण चुनाव खत्म होते ही सबसे पहले उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए कामर गांव का भ्रमण किया। इस दौरान कर्नल कोठियाल ने कहा कि जिस गांव में चुनाव के दौरान भ्रमण नहीं कर पाया, उन सभी गांव में जाकर लोगों से मिल रहा हूं।
कैबिनेट मंत्री व चौबट्टाखाल सीट से भाजपा प्रत्याशी सतपाल महाराज
- फोटो : अमर उजाला
चौबट्टाखाल से भाजपा प्रत्याशी व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज अपने पैतृक गांव सेडियाखाल से सतपुली पहुंचे। महाराज ने अमर उजाला अखबार में मतदान को लेकर चौबट्टाखाल सीट, जिले व प्रदेश का अपडेट लिया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मतदान की बूथवार परिचर्चा की। कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधान सभा चुनाव के दौरान कड़ी मेहनत की है, जिसका बेहतर परिणाम आगामी 10 मार्च को आएगा।