उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर है। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इससे उत्साहित शिक्षकों और छात्रों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(सेनि) ने कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास एवं समर्पण का परिणाम है।
यह उपलब्धि न केवल आपके लिए बल्कि आपके परिवार, गुरुजनों और पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। सभी माता-पिता, अभिभावकों और शिक्षक समुदाय को भी विशेष रूप से बधाई। जिन्हें इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई, वे समझें कि जीवन में असफलता अंत नहीं है। आत्मविश्वास और नई ऊर्जा के साथ पुनः प्रयास करें, सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्रों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप लोग इसी तरह सफलता के नए सोपान छूते जाएं, ईश्वर से मेरी यही प्रार्थना है। जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके, निराश न हों, असफलता अंत नहीं बल्कि एक नए संकल्प की शुरुआत है। आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ पुनः प्रयास करें।