छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर हाईकोर्ट में सरकार की ओर से असमर्थता जताने के बाद डीएवी कॉलेज में छात्रों ने हंगामा कर दिया। छात्रों की ओर से कॉलेज का मुख्य गेट बंद करने से कई छात्र बाहर ही रह गए। विभिन्न संगठनों से जुड़े छात्रों ने हंगामा कर कॉलेज बंद करा दिया। साथ ही वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने सरकार पर चुनाव ना कराने की मंशा का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा, अगर सरकार ने इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया तो छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा, सरकार छात्रसंघ चुनाव को लेकर गंभीर नहीं थी। वहीं दूसरी तरफ ऋषिकेश में छात्रसंघ चुनाव स्थगित होने के विरोध में श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के ऋषिकेश परिसर में छात्र और एक छात्रा पानी की टंकी पर चढ़ गए, जिसके बाद यहां पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
पुलिस प्रशासन और विश्वविद्यालय के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। छात्र-छात्रा को समझने का प्रयास का किया जा रहा है। वहीं चिन्यालीसौड़ में भी छात्र संघ चुनाव निरस्त होने पर छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। चार छात्र इस दौरान महाविद्यालय भवन की छत पर चढ़ गए। प्राचार्य प्रो प्रभात द्विवेदी ने छात्रों को नीचे उतरने को कहा, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हैं। उधर कर्णप्रयाग में छात्रों का प्रदर्शन जारी है।