गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल घाटी में सोमवार को दूसरे दिन भी हल्की बर्फबारी हुई, जिससे तापमान माइनस में पहुंचने से यहां नलों में पानी जमने लग गया है। उधर, सुदूरवर्ती विकासखंड मोरी स्थित केदारकांठा ट्रेक के बेस कैंप सांकरी पहुंचे गुजरात के पर्यटकों के चेहरे बर्फबारी देखकर खिल उठे।
बताया, उन्होंने जीवन में पहली बार बर्फ देखी है। रविवार को बदले मौसम के मिजाज के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई। सोमवार को दूसरे दिन भी हवा के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फ गिरी। हर्षिल घाटी के सुक्की गांव निवासी काश्तकार मोहन सिंह राणा ने बताया, बर्फबारी से तापमान रात के समय माइनस चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। इससे नलों में पानी भी जमने लगा है।