बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार को बर्फबारी हुई। बदरीनाथ धाम परिसर में करीब आधा घंटे तक बर्फबारी हुई लेकिन कुछ ही देर में बर्फ पिघल गई थी। धाम की ऊंची चोटियों पर ताजी बर्फ जमी है। हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी होने से मौसम ठंडकभरा हो गया है।
बदरीनाथ धाम में पहुंचे कई तीर्थयात्रियों ने पहली बार बर्फबारी का लुत्फ उठाया। इस दौरान तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह नजर आया। बर्फबारी से नीचले क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। वहीं मौसम विज्ञानियों ने राज्य के पर्वतीय के साथ ही मैदानी इलाकों में भी मौसम के मिजाज बदलने की संभावना जताई है।