बीते मंगलवार देर रात को जनपद के गंगोत्री सहित यमुनोत्री धाम, हर्षिल घाटी और खरसाली, मोरी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। साल की दूसरी बर्फबारी के बाद पहाड़ बर्फ से लकदक हो गए। बर्फबारी के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे सहित अन्य मुख्य मार्गाें को खोलने में विभागों को छह से सात घंटे का समय लगा।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बीती मंगलवार शाम से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। वहीं, देर रात में दोनों धामों के साथ ही जनपद के सभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे सुक्की सहित यमुनोत्री हाईवे रानाचट्टी और फूलचट्टी सहित राड़ी टॉप में बंद हो गया था।