बीते दो वर्षों से जून का महीना रुद्रप्रयाग जनपद के लिए जख्मों का महीना साबित हो रहा है। लगातार दूसरे वर्ष जून में जिले में टेंपो-ट्रेवलर दुर्घटना का शिकार हुआ है और इस बार तो हताहतों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। इस महीने के शुरुआती बारह दिनों में ही जनपद में अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें हाल ही में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे में मारे गए सात लोग भी शामिल हैं।
जून का महीना आमतौर पर गर्मियों की छुट्टियों और चारधाम यात्रा के लिए जाना जाता है, जब लोग अपनों से मिलने और पवित्र धामों के दर्शन करने के लिए आवाजाही करते हैं। हालांकि, रुद्रप्रयाग के लिए यह महीना पिछले दो वर्षों से दुखों का पर्याय बन गया है।
इस साल जून में केदारनाथ यात्रा के दौरान कई घटनाएं हुईं
7 जून को केदारघाटी के बडासू में क्रिस्टल हेली कंपनी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई, जिसमें पायलट सहित छह लोगों की जान बाल-बाल बच गई थी। 15 जून की सुबह केदारनाथ से गुप्तकाशी आते हुए आर्यन हेली कंपनी का हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क में क्रैश हो गया। इस हादसे में एक मासूम बच्ची सहित सात लोग काल का ग्रास बन गए और मृतकों की शिनाख्त भी अंगूठी, कंगन, चेन या घड़ी जैसी व्यक्तिगत वस्तुओं से करनी पड़ी।