कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आज रविवार को उत्तराखंड में पटवारी भर्ती परीक्षा हो रही है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है। शनिवार तक प्रदेशभर में छात्रों के साथ ही विपक्ष का भी आंदोलन जारी रहा। ऐसे में आज परीक्षा को लेकर शासन-प्रशासन पुलिस तरह सतर्क है। परीक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान न हो इसलिए अधिक चौकसी रखी जा रही है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार को गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों को पटवारी-लेखपाल भर्ती की परीक्षा की अनुमति देने के निर्देश दिए। उन्होंने ये निर्देश बेरोजगार संघ और पीसीएस मुख्य परीक्षा अभ्यर्थी संघ के प्रतिनिधियों के अनुरोध पर दिए।
शनिवार को दोनों संघों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि गत दिनों देहरादून में धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों पर विभिन्न धाराओं के तहत करवाई चल रही है, उनको रविवार को होने वाली लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा की अनुमति दी जाए। इस पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी को निर्देश दिए कि इन बच्चों को लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा देने के लिए निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और वहां से लाने की व्यवस्था की जाए।