शिव और शक्ति के मिलन का महापर्व महाशिवरात्रि उत्तराखंड भर में गुरुवार को मनाया जा रहा है। तड़के से भक्त सामूहिक रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से सुख समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वहीं देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार रात 12 बजे से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। उधर, कोरोना काल में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समितियों ने एक समय में कुछ ही लोगों को प्रवेश देने का निर्णय लिया है। महाशिवरात्रि के लिए शहरभर के शिवालयों को रंगरोगन कर विभिन्न लाइटों से आकर्षक तरीके से सजाया गया है। भगवान शिव के महापर्व के लिए प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर, मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर, आराघर स्थित हनुमान मंदिर, धर्मपुर चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर, जाखन स्थित शिव मंदिर, राजपुर स्थित सांई मंदिर, गढ़ी कैंट स्थित नव ग्रह मंदिर, कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर समेत देहरादून की विभिन्न मंदिर समितियों की ओर से खास तैयारी की गई है। प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज ने कहा कि कोरोना काल में सुरक्षा को ध्यान रखते हुए एक बार में कुछ ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। जबकि, मंदिर में प्रवेश के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। वहीं, कैनाल रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर समिति के सदस्य केके चक्रवर्ती ने बताया कि महाशिवरात्रि के लिए मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। जलाभिषेक के लिए गंगा जल की भी व्यवस्था की गई है।