हरिद्वार महाकुंभ शुरू होने के साथ ही कोरोना संक्रमण की रफ्तार ने बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की नारसन बॉर्डर पर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां से केवल उन्हीं को सीधे प्रवेश दिया जा रहा है, जो कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट लेकर आ रहे हैं।
बिना रिपोर्ट वाले यात्रियों की कोरोना जांच की जा रही है। पॉजिटिव आने पर उन्हें लौटा दिया जा रहा है। ऐसे में यात्रियों ने नारसन बॉर्डर से किनारा कर लिया है और संपर्क मार्ग से सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ऐसे संपर्क मार्गों को चिह्नित कर पहरा लगाने की तैयारी कर रही है।
महाकुंभ 2021: प्रवास के लिए हरिद्वार आने वाले हर वीआईपी को भी करानी होगी कोरोना की जांच
कोरोना की रफ्तार के बीच ऐहतियात के तौर पर नारसन बॉर्डर पर सख्ती बढ़ाई गई है। यहां से सबसे अधिक यात्री जिले की सीमा में प्रवेश करते हैं। ऐसे में पुलिस-प्रशासन की सबसे पैनी नजर नारसन बॉर्डर पर ही है।
यात्रियों को बिना कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के उत्तराखंड में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। चेकिंग के लिए पुलिस के साथ पैरामिलिट्री के जवान भी तैनात किए गए हैं, जिससे सैकड़ों वाहन रोजाना लौटाए जा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पार पाने के लिए यात्रियों ने दूसरा रास्ता निकाल लिया है।