बाबा रामदेव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार में बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार और नशे को लेकर चेताया
हरिद्वार में योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देश की मौजूदा स्थिति को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और बेईमानी करने वाले लोग देश के शहीदों का अपमान कर रहे हैं। कहा कि देश में बहुत घपला है, सुधार जाओ, कहीं ऐसा न हो कि उन्हें फिर आंदोलन करना पड़े।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को भ्रष्टाचार, बेईमानी और शोषण के खिलाफ मिलकर खड़े होने का संकल्प लेना चाहिए। बाबा रामदेव ने बढ़ते नशे के चलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ‘मेरी मर्जी, मेरा जीवन’ के नाम पर नशे को सही नहीं ठहराया जा सकता। उनके अनुसार मनमर्जी को स्वतंत्रता नहीं बल्कि अनुशासनहीनता कहा जाना चाहिए।
बाबा रामदेव ने देश में नफरत के माहौल और जाति-धर्म के नाम पर बढ़ती दूरी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश किसी एक पार्टी, सरकार, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 145 करोड़ भारतीयों का है। उन्होंने नशामुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।