केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष अभी तक 1 लाख 41 हजार, 600 यात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। जबकि 139876 श्रद्धालु दर्शन कर लौटे हैं। कपाट खुलने से लेकर अभी तक नौ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर अभी तक कुल 26536 शटल कर चुकी हैं। पिछले बीस दिनों से हेलीकॉप्टर प्रतिदिन औसतन दो सौ से अधिक शटल हो रही हैं।
6 मई से केदारनाथ यात्रा शुरू हुई थी। गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर और दंडी-कंडी की मांग बढ़ रही है। वहीं, हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचने के लिए यात्रियों का उत्साह गजब का है। बरसाती सीजन में भी हिमालयन हेली एविएशन द्वारा हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन सुचारू रहा।
वहीं सितंबर माह के तीसरे सप्ताह से सभी हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे हैं। हालात यह हैं कि गुप्तकाशी, फाटा, शेरसी में हेली कंपनियों के टिकट काउंटर पर सुबह से रात तक टिकट के लिए यात्रियों की भीड़ लग रही है। यही नहीं, जिन यात्रियों को टिकट मिल भी रहा है, उन्हें भी हेलीकॉप्टर में सवार होने के लिए छह से आठ घंटे या तक कि कई बार अगले दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।