उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक देखने को मिल रहा है। कई राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण बंद हैं। वहीं हरिद्वार और रुड़की में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
चमोली में फरासू स्लाइड जोन में रॉक फॉल के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी, धरासू घाट और नगुण के पास भूस्खलन से कई जगह बाधित है, जहां बीआरओ मशीनों से मार्ग खोलने में जुटा है।
नगुण के पास लगातार पत्थर गिरने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी है। हालांकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास और टिहरी के सुवाखोली मोटर मार्ग पर रोतु की वैली के पास यातायात बहाल कर दिया गया है। वहीं नाकुरी ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद है।