प्रदेश के पांच जिलों में बुधवार से अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश और ओलावृष्टि की वजह से न केवल पहाड़ बल्कि मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में छह से आठ डिग्री की गिरावट आएगी।
प्रदेशभर में मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे दी। कई क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। राजधानी में भी सुबह बादल आने के बाद दोपहर तक धूप निकली। शाम को फिर बादल आने से गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम से आगामी 48 घंटे प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई और स्थानों पर अगले 48 घंटे बारिश के साथ ही ओले भी पड़ सकते हैं। राजधानी में भी बुधवार को बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर दिन में बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आ सकती है।