किसी न किसी वजह से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक बार फिर चर्चाओं में हैं। इन दिनों वह चंपावत उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी के लिए जन समर्थन मांग रहे हैं, लेकिन यहां वह अपने अलग अंदाज में वोट मांगने को लेकर सुर्खियों में हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चंपावत उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी के प्रचार के दौरान मोटर स्टेशन में कार्की रेस्टोरेंट में जलेबियां तलीं। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए चंपावत उपचुनाव नारी स्वाभिमान का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि संघर्षों से तपी निर्मला गहतोड़ी को मैदान में उतार पार्टी ने महिलाओं को सम्मान दिया है। कहा कि गहतोड़ी सीएम धामी को टक्कर देंगी।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के लिए चंपावत के विकास और जनता के अधिकार अहम मुद्दे हैं, लेकिन सत्ता के अहंकार में डूबे भाजपा प्रलोभन और दबाव डालकर लोकतंत्र का चीर हरण कर रही है। उन्होंने चंपावत से चार दशक पुराने रिश्ते को याद दिलाते हुए सुनहरे भविष्य के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन की अपील की।