फूलों की घाटी में देर से ही सही लेकिन फूल खिलने लग गए हैं। इन दिनों यहां पर करीब दो दर्जन से अधिक प्रजाति के रंग-बिरंगे फूल खिल रहे हैं। जिससे घाटी की रौनक लौटने लग गई है। अभी तक यहां 1243 देशी और 17 विदेशी पर्यटक पहुंच चुके हैं।
इस साल बेमौसमी बारिश के चलते घाटी में फूल देर से खिले। जिससे कुछ समय तक घाटी फूल विहीन रही। लेकिन अब धीरे-धीरे यहां रंग-बिरंगे फूलों से घाटी गुलजार होने लग गई है। फूलों की घाटी में हिमालय की रानी के नाम से प्रसिद्ध ब्लूपॉपी भी खिल गई है।
जुलाई और अगस्त महीने में यहां करीब 300 प्रजाति के फूल खिलते है। इस दौरान यहां सबसे अधिक पर्यटक पहुंचते हैं। विश्व धरोहर फूलों की घाटी एक जून को पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। घाटी के पैदल रास्ते पर दो जगह पर भारी हिमखंड पसरे थे।