तीन कृषि कानूनों के विरोध में उत्तराखंड के रुड़की की गुड़ मंडी में आयोजित किसान महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान पहुंचे। महापंचायत में शामिल होने के लिए किसान घोड़े, कारों और ट्रैक्टरों से गुड़ मंडी पहुंचे। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को खेती को इतना बढ़ावा देना चाहिए कि किसान पलायन न करें। युवाओं को रोजगार दें। लड़ाई अच्छी नहीं है, लेकिन अपने मान सम्मान के लिए जवाब देना जरूरी है। ये किसानों के स्वाभिमान की लड़ाई है।