देहरादून चिड़ियाघर में रविवार को पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चे वन्यजीवों और खूबसूरत पक्षियों को देखकर खिलखिला उठे। रविवार को करीब 3000 पर्यटकों ने वन्यजीवों और पक्षियों के दीदार किए।
कोरोना के चलते लागू लॉकडाउन की वजह से पिछले दो माह से घरों में कैद बच्चे अभिभावकों के साथ चिड़ियाघर पहुंचे। बच्चों ने तेंदुआ, सांभर, हिरण, काकड़ चीतल जैसे वन्यजीवों के साथ ही दो दर्जन से अधिक देशी-विदेशी रंग-बिरंगे पक्षियों को देखकर जमकर लुत्फ उठाया।
यह भी पढ़ें... उत्तराखंड में कोरोना: साढ़े तीन महीने बाद एक दिन में सबसे कम 78 संक्रमित मिले, दो की मौत,1800 से कम हुए एक्टिव केस
छोटे बच्चे वन्यजीवों, पक्षियों और रंगीन मछलियों को देखकर उत्साहित नजर आए। वन क्षेत्राधिकारी मोहन सिंह रावत ने बताया कि दो माह बाद पहली बार दून चिड़ियाघर में 3000 पर्यटक पहुंचे, जो काफी बड़ा आंकड़ा है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।
वहीं, चिड़ियाघर में जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, कमांडो नेट को बंद किए जाने से युवाओं को मायूस होना पड़ा। वनकर्मियों ने पर्यटकों को बताया कि मानसून के दौरान हादसे की आशंका के चलते साहसिक खेलों को फिलहाल बंद कर दिया गया है।