उत्तराखंड सरकार से विकास कार्यों का हिसाब मांगते हुए आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया व प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को सीएम आवास कूच किया। हाथीबड़कला के पास पुलिस ने बेरीकेडिंग लगाकर रैली को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों के साथ जमकर नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई।
इस पर पदाधिकारी, कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और सरकार, मुख्यमंत्री व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पार्टी प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष के साथ 80 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। उन्हें दो गाड़ियों में पुलिसलाइन ले जाया गया। बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
सीएम आवास कूच के दौरान प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि भाजपा पिछले चार साल से शासन की जगह कुशासन कर रही है। भाजपा सरकार ने राज्य की जनता के साथ छल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के चार साल खराब किए हैं, उसका जवाब आखिर कौन देगा? आम आदमी पार्टी और जनता को इन चार सालों का जवाब चाहिए और अगर जवाब नहीं मिला तो कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, विधायकों के घर जाकर चार साल का हिसाब मांगेंगे।