उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का उनके गृह क्षेत्र हरिद्वार में भव्य स्वागत हुआ। कौशिक के स्वागत के लिए सड़कों पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। उत्तरी हरिद्वार के सूखी नदी से शुरू हुआ रोड शो पूरे शहर का चक्कर लगाने के बाद देवपुरा चौक पर समाप्त हुआ। इस दौरान शहर की सड़कों पर ट्रेफिक जाम हो गया।
60 से अधिक स्थानो पर भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और व्यापारियों ने मदन कौशिक का फूलमाला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे थे।
उत्तराखंड: मदन कौशिक को मिली भाजपा की कमान, पढ़ें जिला महामंत्री से प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक का सफर
सूखी नदी से बाइकों और स्कूटी में सवार भाजपा कार्यकर्ताओें के साथ प्रदेश अध्यक्ष का रोड शो शुरू हुआ। रोड शो खड़खड़ी, भीमगोडा, हरकी पैड़ी, अपर रोड, ललतारौ पुल, शिवमूर्ति, कनखल, सिंहद्वार, आर्यनगर, चंद्राचार्य चैक, ऋषिकुल होते हुए देवपुरा चौक पर समाप्त हुआ। जहां से भी रोड गुजरा भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल नगाड़ों की थाप, अबीर-गुलाल उड़ाकर और पुष्प वर्षा कर मदन कौशिक का अभिनंदन किया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा की नींव उसके कार्यकर्ता हैं। आज कार्यकर्ताओं के दम पर देशभर में भाजपा का विजयी रथ बढ़ रहा है।