आकाश रोजाना गुंजन से मिलने की कोशिश करता था। उसने खुद को अविवाहित बताते हुए गुंजन से नजदीकियां बढ़ाईं और फिर विवाह का दबाव बनाने लगा। गुंजन मना करती थी तो वह उसे धमकी देता था। उसने गुंजन से कहा था कि तू अगर मुझसे शादी नहीं करेगी तो मैं तुझे जान से मार दूंगा। तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती। और फिर मच्छी बाजार के पास 23 वर्षीय गुंजन की चापड़ से गर्दन पर वार कर बीच बाजार में हत्या कर दी थी।
गुंजन की हत्या के 48 घंटे बाद भी खून के निशां दीवारों से नहीं मिटे। खौफनाक वारदात के बाद घटनास्थल देखने के लिए भी लोगों का तांता लगा रहा। वहीं बाजार खुला होने के बावजूद आमदिनों की अपेक्षा सन्नाटा रहा। वारदात को कितनी बेरहमी से अंजाम दिया गया, घटनास्थल पर मौजूद खून के छींटे इसकी तस्दीक कर रहे हैं।