एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि गुच्चूपानी में मेहूंवाला निवासी मोहसिन नाम के ई-रिक्शा चालक की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला था कि तीन युवक मोहसिन का ई-रिक्शा बुक कर उसे गुच्चूपानी लेकर आए थे। शुरुआती पड़ताल में मोहसिन और उसकी पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस ने मोहसिन की कॉल डिटेल के आधार पर कुछ संदिग्ध नंबरों की जांच की तो सारा मामला समझ में आ गया।
इस आधार पर बीते बुधवार शाम को मोहसिन की पत्नी शीबा उर्फ सीमा, उसके प्रेमी साबिर अली और तीन सुपारी किलर अरशद निवासी नौ राजपुर गुज्जर, बागपत, शाहरूख निवासी कंडेरा, रमाला, बागपत और रवि कश्यप निवासी किशनपुर विराड़, रमाला, बागपत को गिरफ्तार किया गया। जबकि, सुपारी किलर को बुलाने वाला रईस खान निवासी कंडेरा, रमाला, बागपत फरार है। तीनों को एडवांस के रूप में 20 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।