ओएनजीसी चौक पर सोमवार देर रात बेहद तेज रफ्तार कार कंटेनर के पिछले हिस्से से टकराई थी। हादसे में देखते ही देखते पल भर में छह दोस्त मौत के मुंह में समा गए। मरने वालों में तीन युवतियां भी शामिल थीं। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार की पूरी छत टूटकर पिछले हिस्से से चिपक गई।
मौके पर शव और मांस के लोथड़े करीब 60 मीटर तक बिखर गए। भीषण दुर्घटना में एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सिनर्जी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं।
मृतकों की पहचान गुनीत (19) पुत्री तेज प्रकाश सिंह निवासी साईं लोक, जीएमएस रोड, कुणाल कुकरेजा (23) पुत्र जसवीर कुकरेजा, निवासी गली नंबर 11, राजेंद्र नगर, मूल निवासी चंबा हिमाचल प्रदेश, ऋषभ जैन (24) पुत्र तरुण जैन, निवासी राजपुर रोड जाखन, नव्या गोयल (23) पुत्री पल्लव गोयल निवासी आनंद चौक, तिलक रोड, अतुल अग्रवाल (24) पुत्र सुनील अग्रवाल निवासी कालीदास रोड और कामाक्षी (20) पुत्री तुषार सिंघल निवासी कांवली रोड देहरादून के रूप में हुई है। जबकि, सिद्धेश अग्रवाल (25) पुत्र विपिन कुमार अग्रवाल निवासी राजपुर रोड हादसे में घायल हुआ है।