सीएम योगी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जून 2024: मां की तबीयत बिगड़ी तो ऋषिकेश एम्स पहुंचे योगी
मां और बेटे की अगली चर्चित मुलाकात जून 2024 में हुई। सावित्री देवी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। 16 जून 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीधे ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती अपनी मां से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। अमर उजाला की 17 जून 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, योगी ने एम्स के निदेशक से भी मुलाकात की और मां के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वह करीब 20 मिनट तक अस्पताल में रुके। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने रुद्रप्रयाग सड़क हादसे में घायल उत्तर प्रदेश के लोगों से भी मुलाकात की और उनके उपचार के लिए जरूरी निर्देश दिए।
बेटे से मिलने लखनऊ भी आई थीं सावित्री देवी
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद मां और बेटे की मुलाकातों की कहानी सिर्फ पंचूर और ऋषिकेश तक सीमित नहीं रही। योगी के पहले कार्यकाल के दौरान उनकी मां सावित्री देवी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंची थीं।
संन्यास के बाद भी मां से बना रहा भावनात्मक रिश्ता
योगी आदित्यनाथ ने युवावस्था में ही संन्यास का रास्ता चुन लिया था। इसके बाद उनका जीवन गोरखपुर मठ और फिर सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों के बीच आगे बढ़ा। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह लगातार राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहे। इसके बावजूद मां से मुलाकात के ये प्रसंग बताते हैं कि संन्यास और सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी मां से उनका भावनात्मक रिश्ता बना रहा। अब 20 नवंबर 2026 को सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद मई में हुई वह मुलाकात एक बार फिर चर्चा में है। मां से आखिरी मुलाकात के दौरान पूछा गया वह सवाल अब एक भावुक स्मृति बनकर रह गया है।