पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 का मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और डॉ. अनिल जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत किया।
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि दो अक्तूबर 2026 को नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई इस यात्रा में 3000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई। इस दौरान नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों के 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और प्रकृति व मानव जीवन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।