बेटे की जिद पर मां आशा मधवाल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहुंची तो गेट पर खड़े संतरी ने रास्ता रोक दिया और पीछे के गेट से आने के लिए कहा। जब पता चला कि यह आकाश मधवाल की मां है तो उन्हें सम्मान के साथ अंदर ले जाया गया। वहां पहले से ही मौजूद कई क्रिकेटरों के परिजनों और फिल्मी सितारे भी उनसे मिलने आए। उनके बेटे के नाम से मिल रहे सम्मान को पाकर मां की आंखें भर आईं।
आशा मधवाल बताती हैं कि उनके बेटे ने फोन कर बताया कि उसने मुंबई की टिकट करा दी है और वे वानखेड़े स्टेडियम में 12 तारीख को पहुंच जाएं। इस पर वे रात को ही दिल्ली से फ्लाइट लेकर सुबह पहुंच गई। वानखेड़े स्टेडियम से पहले ही उनका मायका घर है। बेटा और भाई उन्हें एयरपोर्ट पर लेने पहुंचे।
क्रिकेटर रोहित शर्मा सहित कई सितारों ने देखकर दिया सम्मान
इसके बाद आशा मधवाल अपने मायके में कुछ देर के लिए रुकी। बेटे की ओर से उन्हें पांच पास मिले थे। वे अपने भाई और भाभी को साथ लेकर स्टेडियम पहुंची। यहां आकाश ने संतरी को बताया कि ये मेरी मम्मी है। संतरी उन्हें अंदर ले जाने लगा तो दूसरे संतरी ले रोक दिया और पीछे के गेट से आने के लिए कहा।
इस पर पहले संतरी ने धीरे से बताया कि ये आकाश मधवाल की मां है। बस फिर क्या था संतरी उन्हें पूरी सम्मान के साथ भीतर ले गया और चाय पानी का ऑफर किया। आशा मधवाल ने बताया कि वहां क्रिकेटर रोहित शर्मा, अभिनेता शाहिद कपूर समेत कई सितारे परिवार के साथ पहुंचे हुए थे। सभी उन्हें पूरा सम्मान दिया।