रेकी के डेढ़ साल बाद रेसकोर्स में अधिवक्ता के घर लूट को अंजाम दिया गया था। वारदात का पर्दाफाश कर पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई विदेशी घड़ियां और रिवाल्वर बरामद हुआ है। इसके अलावा एक सरकारी पिस्तौल, एक देसी तमंचा और छह कारतूस भी मिले हैं।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 28 नवंबर को तड़के रेसकोर्स निवासी अधिवक्ता गुरमिंदर सिंह सरना के घर तीन सशस्त्र बदमाशों ने लूट को अंजाम दिया था। बदमाश तीन लाख रुपये नकद, विदेशी घड़ियां और एक रिवाल्वर ले गए थे। जाते वक्त पोर्च में खड़ी उनकी कार भी ले गए। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दबिश दी।
मुखबिरों की सूचना पर मंगलवार शाम को सुशील कुमार निवासी दादरी, दौराला, मेरठ, अमृत उर्फ गुड्डू निवासी अलीपुर मोरना, हस्तिनापुर, मेरठ, दीपक कुमार महिपाल निवासी दादारी, दौराला, मेरठ और अतुल राणा निवासी हसनपुर गजापुर, सरूरपुर, मेरठ को गिरफ्तार किया है। जबकि, इनका साथी विशाल निवासी रोहटा, मेरठ पकड़ा नहीं जा सका है। यह गिरोह सुशील कुमार का है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।