फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2026: नौ मौके, जब एक खिलाड़ी विपक्षी टीम के 11 पर पड़ा भारी; मैकुलम-गेल से डिविलियर्स-कोहली तक, पूरी लिस्ट

Wed, 22 Apr 2026 03:02 PM IST
Swapnil Shashank स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

आईपीएल इतिहास में कई बल्लेबाजों ने ऐसी विस्फोटक पारियां खेली हैं, जिनमें उन्होंने अकेले ही विपक्षी टीम के पूरे स्कोर को पीछे छोड़ दिया। मैकुलम ने इसकी शुरुआत की, जबकि क्रिस गेल ने यह कारनामा सबसे ज्यादा बार किया। आईपीएल 2026 में तिलक वर्मा ने भी इस खास लिस्ट में जगह बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विज्ञापन
1 of 3
आईपीएल - फोटो : IPL/BCCI

दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल में हर साल कई रिकॉर्ड टूटते हैं और बनते हैं। हर रिकॉर्ड किसी न किसी वजह से खास होता है। इस लीग में बल्लेबाजों और गेंदबाजों की असली परख होती है। कुछ दबाव में बिखर जाते हैं और कुछ निखर जाते हैं। इस लीग ने कई खिलाड़ियों की पहचान दिलाई और उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं तिलक वर्मा। मुंबई इंडियंस से खेलने वाले तिलक ने 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ बेहतरीन शतक जड़ा। उन्होंने 101 रन की नाबाद पारी खेली और इसकी बदौलत मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए।

जवाब में गुजरात की पूरी टीम 100 रन पर सिमट गई। यानी गुजरात के 11 खिलाड़ी मिलकर भी तिलक जितने रन नहीं बना सके। आईपीएल में ऐसा नौ बार हो चुका है, जब एक खिलाड़ी बाद में बैटिंग करने वाली विपक्षी टीम के 11 खिलाड़ी पर भारी रहा है। यानी सामने वाली टीम उस एक खिलाड़ी जितने रन भी नहीं बना सकी। तिलक इस लिस्ट में शामिल होने वाले आठवें बल्लेबाज रहे और मुंबई के लिए ऐसा करने वाले पहले बैटर रहे। 2020 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब पहली पारी में किसी ने शतक बनाया हो और बाद में बैटिंग करने वाली टीम उसके रन से भी कम स्कोर पर ढह गई है। आइए पूरी लिस्ट देखते हैं...

विज्ञापन

2 of 3
मैकुलम - फोटो : @OaktreeSport/x.com

मैकुलम ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज
ब्रैंडन मैकुलम ने 2008 में आईपीएल के पहले ही मैच में इतिहास रच दिया था, जब उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए नाबाद 158 रन ठोक दिए। यह पारी इतनी शानदार थी कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम केवल 82 रन पर सिमट गई, और मैकुलम अकेले ही विपक्षी टीम से ज्यादा रन बना गए। यह आईपीएल इतिहास का पहला ऐसा मौका था जब किसी एक बल्लेबाज ने पूरी विपक्षी टीम को पछाड़ दिया।

क्रिस गेल ने सबसे ज्यादा दो बार किया ऐसा
इस खास उपलब्धि को सबसे ज्यादा बार दोहराने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि दो बार हासिल की है। उनके अलावा कई दिग्गज बल्लेबाजों ने भी ऐसी विस्फोटक पारियां खेली हैं, जिनमें उन्होंने अकेले ही विपक्षी टीम के स्कोर को पीछे छोड़ दिया।

आईपीएल में एक बल्लेबाज vs पूरी विपक्षी टीम

साल खिलाड़ी स्कोर टीम विपक्षी टीम और स्कोर
2008 ब्रैंडन मैकुलम 158* कोलकाता बेंगलुरु- 82
2009 राहुल द्रविड़ 66 बेंगलुरु राजस्थान- 58
2013 क्रिस गेल 175* बेंगलुरु पुणे- 133
2015 क्रिस गेल 117 बेंगलुरु पंजाब- 88
2016 एबी डिविलियर्स 129* बेंगलुरु गुजरात लायंस- 104
2016 विराट कोहली 109 बेंगलुरु गुजरात लायंस- 104
2019 जॉनी बेयरस्टो 114 हैदराबाद बेंगलुरु- 113
2020 केएल राहुल 132* पंजाब बेंगलुरु- 109
2026 तिलक वर्मा 101* मुंबई गुजरात टाइटंस- 100
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
तिलक वर्मा - फोटो : IPL
तिलक वर्मा की धमाकेदार पारी
तिलक वर्मा ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए एक यादगार पारी खेली। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ नाबाद 101 रन बनाए और अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। इस पारी की खास बात उनकी शुरुआत और अंत के बीच का जबरदस्त अंतर था। तिलक ने शुरुआत में काफी समय लिया और 22 गेंदों पर सिर्फ 19 रन बनाए। उन्होंने अपना पहला चौका-छक्का भी काफी देर से लगाया। उन्होंने 15वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर छक्का जड़ा था, जो कि उनकी पहली बाउंड्री थी।

हालांकि, इसके बाद उन्होंने गियर बदल दिया और सिर्फ 45 गेंदों में 101 रन तक पहुंच गए। मैदान पर मौजूद गुजरात के गेंदबाज और फील्डर उनके आगे बेबस नजर आए। इस पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने लगातार चार हार के बाद जीत हासिल की और अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई। तिलक वर्मा अब तक अपने टी20 करियर में कुल पांच शतक लगा चुके हैं, जिसमें दो शतक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शामिल हैं। उनकी यह पारी दिखाती है कि वह बड़े मंच पर बड़ी जिम्मेदारी निभाने की क्षमता रखते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें