फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: भारत के लिए अहम है एजबेस्टन टेस्ट, जानें अब क्या हैं विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के समीकरण

Thu, 30 Jun 2022 05:19 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच हारने पर भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में चौथे नंबर पर खिसक सकती है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रीलंका के हारने पर भारत तीसरे स्थान पर बना रहेगा। 
 
विज्ञापन
1 of 9
भारत लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल सकता है - फोटो : सोशल मीडिया
भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच की शुरुआत एक जुलाई से हो रही है। टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारत के लिए यह मैच बेहद अहम है। यह मैच जीतने पर टीम इंडिया के लिए लगातार दूसरा फाइनल खेलने की राह काफी आसान हो जाएगी। वहीं, हारने पर भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में चौथे स्थान पर भी खिसक सकती है। यहां हम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा समीकरण बता रहे हैं और यह समझने की कोशिश करेंगे कि किसी टीम के लिए फाइनल की राह सबसे आसान है। 

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा पांच सीरीज इंग्लैंड और बांग्लादेश ने खेली हैं। अंक तालिका में फिलहाल बांग्लादेश नौवें और इंग्लैंड सातवें स्थान पर है। अब इन दोनों टीमों के लिए फाइनल की राह बेहद मुश्किल होगी। बाकी सभी मैच जीतने पर भी ये दोनों टीमें फाइनल में जगह नहीं बना पाएंगी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया, भारत और पाकिस्तान के लिए फाइनल की राह आसान होने वाली है। 
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंचने की मजबूत दावेदार 

2 of 9
ऑस्ट्रेलिया - फोटो : twitter@ICC
ऑस्ट्रेलिया ने अब तक छह में से दो सीरीज खेली हैं। इनमें से दोनों सीरीज ऑस्ट्रेलिया के ही नाम रही हैं। कंगारू टीम ने पांच मैच जीते हैं और तीन मैच ड्रॉ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत सबसे ज्यादा 75 फीसदी है। अब ऑस्ट्रेलिया को दो सीरीज अपने घर में और दो बाहर खेलनी हैं। बाहरी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया दो मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलने हैं, जबकि घर में वेस्टइंडीज से दो और अफ्रीका से तीन टेस्ट खेलने हैं। कंगारू टीम की एक सीरीज भारत में होनी है। यह सीरीज हारने पर भी ऑस्ट्रेलियाई टीम फाइनल की रेस में बनी रहेगी। 
विज्ञापन

दक्षिण अफ्रीका को होगी मुश्किल

3 of 9
दक्षिण अफ्रीका की टीम - फोटो : सोशल मीडिया
दक्षिण अफ्रीका ने अब तक तीन सीरीज खेली हैं। इनमें से दो घर में और एक विदेश में रही है। फिलहाल अफ्रीका ने 71.43 फीसदी मैच जीते हैं, लेकिन इस टीम के लिए आगे की राह मुश्किल है। अब अफ्रीका को इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में जाकर तीन-तीन टेस्ट खेलने हैं। इन मैचों में अफ्रीका के लिए जीत हासिल करना बहुत मुश्किल होगा और मैच हारने पर इस टीम के जीत प्रतिशत में गिरावट आएगी और अफ्रीका अंक तालिका में काफी नीचे पहुंच जाएगी। हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में जीत हासिल कर दक्षिण अफ्रीका फाइनल की रेस में बनी रह सकती है। 

भारत की राह सबसे आसान

4 of 9
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : twitter@ICC
भारत ने अब तक चार टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें से दो घर में और दो विदेश में रही हैं। छह जीत, तीन हार और दो ड्रॉ के साथ भारत का जीत प्रतिशत 58.33 का है। अब भारत को एक सीरीज घर में और एक विदेश में खेलनी है। टीम इंडिया बांग्लादेश का दौरा करेगी, जहां जीत हासिल करना भारत के लिए बहुत मुश्किल नहीं होगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी भारत का पलडा भारी रहेगा। ऐसे में टीम इंडिया बाकी मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर लगातार दूसरे सीजन में फाइनल मैच खेल सकती है। 

भारत के लिए इंग्लैंड में होने वाले एजबेस्टन टेस्ट बेहद अहम है। अगर इस मैच में भारत हार जाता है तो अंक तालिका में चौथे नंबर पर खिसक सकता है। हालांकि, इसके बावजूद भारत के लिए फाइनल के दरवाजे बंद नहीं होंगे। 
विज्ञापन

पाकिस्तान के फाइनल में पहुंचने की राह आसान

5 of 9
पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : twitter@ICC
पाकिस्तान की टीम ने अब तक तीन सीरीज खेली हैं और उसका जीत प्रतिशत 52.38 का है। इनमें से दो सीरीज विदेश में और एक सीरीज अपने घर पर खेली है। अब पाकिस्तान को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से अपने घर में खेलना है, जबकी श्रीलंका जाकर भी एक टेस्ट सीरीज खेलनी है। इनमें से कोई भी सीरीज पाकिस्तान के लिए ज्यादा मुश्किल नहीं होने वाली और यह टीम अच्छा खेल दिखाकर फाइनल में जगह बना सकती है। 
विज्ञापन

वेस्टइंडीज का सफर लगभग खत्म

6 of 9
वेस्टइंडीज - फोटो : social media
वेस्टइंडीज ने अब तक चार सीरीज खेली हैं और इनमें से तीन घर पर रही हैं। फिलहाल वेस्टइंडीज के पास नौ मैच में 54 अंक हैं और यह टीम 50 फीसदी अंक प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर है। अब वेस्टइंडीज को दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में जाकर खेलना है। इन दोनों सीरीज में जीत हासिल करना कैरिबियाई टीम के लिए बहुत मुश्किल होगा। ऐसे में इस टीम को पहले ही फाइनल की रेस से बाहर माना जा रहा है। 
विज्ञापन

इंग्लैंड की राह बेहद मुश्किल

7 of 9
इंग्लैंड - फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड की टीम पांच सीरीज खेल चुकी है। 15 में से सिर्फ चार मैच जीतने वाले इंग्लैंड के पास 28.89 फीसदी अंक हैं और यह टीम सातवें स्थान पर बनी हुई है। इंग्लैंड को एक सीरीज अपने घर में दक्षिण अफ्रीका से और दूसरा मैच पाकिस्तान से उसके घर में खेलना है। ऐसे में बाकी सभी मैच जीतने पर भी इंग्लैंड के पास फाइनल में पहुंचने का मौका नहीं होगा। 

इस बार फाइनल नहीं खेलेगा न्यूजीलैंड

8 of 9
न्यूजीलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
न्यूजीलैंड की टीम भी फाइनल की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है। चार सीरीज के नौ मैचों में न्यूजीलैंड ने सिर्फ दो ही मैच जीते हैं। 25.93 फीसदी अंक हासिल करने वाली कीवी टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। न्यूजीलैंड को अब श्रीलंका के खिलाफ एक घरेलू सीरीज और पाकिस्तान जाकर एक टेस्ट सीरीज खेलनी है। ये दोनों सीरीज जीतने पर भी न्यूजीलैंड फाइनल में नहीं पहुंचेगा। 
विज्ञापन

बांग्लादेश पहले ही रेस से बाहर

9 of 9
बांग्लादेश बनाम श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
बांग्लादेश को पहले ही फाइनल की रेस से बाहर माना जा रहा था और इस टीम का प्रदर्शन भी वैसा ही रहा है। पांच सीरीज के 10 मैचों में बांग्लादेश ने सिर्फ 16 अंक हासिल किए हैं और 13.33 फीसदी अंक के साथ अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। अब बांग्लादेश को एक सीरीज भारत के खिलाफ अपने घर में खेलनी है, लेकिन बांग्लादेश के लिए यह मैच जीतना बहुत मुश्किल होगा। जीत हासिल करने पर भी यह टीम फाइनल में नहीं पहुंचेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें