टी20 विश्व कप 2022 में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है। भारत ने पहले मैच में पाकिस्तान को चार विकेट से हराया और दो अहम अंक हासिल किए हैं। अब भारत के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो गई है। वहीं, पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। इसके बाद सेमीफाइनल की रेस रोमांचक हो गई।
दूसरे ग्रुप में अब सिर्फ दो टीमों के पास 10 अंक हासिल करने का मौका है। भारत और बांग्लादेश की टीमें अपने बाकी चार मैच जीतकर 10 अंक हासिल कर सकती हैं। हालांकि, कोई एक टीम ही ऐसा कर पाएगी, क्योंकि इन दोनों टीमों को भी आपस में भिड़ना है। ग्रुप में शुरुआती दो स्थानों में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। यहां हम बता रहे हैं कि सभी टीमों के लिए सेमीफाइनल के समीकरण क्या हैं।