फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इमरान को अपना प्रतिद्वंद्वी मानते थे मियांदाद?: पूर्व कप्तान के साथ मतभेद पर क्या बोले, जेल से रिहाई की मांग

Sat, 29 Aug 2026 07:26 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी जावेद मियांदाद ने पूर्व कप्तान इमरान खान के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है। इमरान खान फिलहाल जेल में बंद हैं और उनकी सेहत को लेकर चिंताएं जताई जा रही हैं। मियांदाद भी अपने पूर्व साथी खिलाड़ी के हालात से चिंता में हैं।
विज्ञापन
1 of 4
जावेद मियांदाद और इमरान खान - फोटो : IANS/ANI
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान पिछले तीन वर्षों से जेल में बंद हैं। उनके साथ रहे जावेद मियांदाद अब खुलकर इमरान के समर्थन में सामने आ गए हैं। मियांदाद ने पूर्व कप्तान की जेल से रिहाई की मांग की है। वहीं, उन्होंने इस बारे में भी राय रखी है कि क्रिकेट करियर के दौरान क्या उनके इमरान के साथ मतभेद थे? इमरान के साथ कई वर्षों तक ड्रेसिंग रूम साझा करने वाले मियांदाद 1992 में पाकिस्तान की विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे।

मियांदाद ने कहा कि इमरान के बारे में उनकी राय उन वर्षों के अनुभव पर आधारित है जो दोनों ने पाकिस्तान और काउंटी क्रिकेट में साथ बिताए हैं। पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज ने लंबे समय से चली आ रही उस धारणा को खारिज किया कि उनके और इमरान के बीच कड़वी प्रतिद्वंद्विता थी। उन्होंने माना कि खेल के दौरान और उसके बाद दोनों के बीच मतभेद जरूर रहे, लेकिन इन्हें पाकिस्तान के लिए साथ खेलने के दौरान साझा किए गए उद्देश्य से अलग करके देखा जाना चाहिए। मियांदाद ने कहा, हमारे बीच कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं थी। हमारे बीच जो भी मतभेद रहे हों, हमने पाकिस्तान के लिए खेला और पाकिस्तान के लिए संघर्ष किया है।
विज्ञापन

2 of 4
इमरान खान और जावेद मियांदाद - फोटो : ANI/twitter screengrab
इमरान के जिक्र पर हुए भावुक
मियांदाद ने इमरान के जिक्र पर भावुक होते हुए कहा कि उनके लिए यह समझना मुश्किल है कि उनके पूर्व कप्तान अब तक जेल में क्यों हैं। उन्होंने कहा कि मैदान पर उतरते समय दोनों हमेशा पाकिस्तान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे। मौजूदा परिस्थितियों में शामिल सभी पक्षों से उन्होंने साथ बैठकर समाधान तलाशने की अपील की। मियांदाद ने नैरेटिव यू-ट्यूब चैनल पर दिए साक्षात्कार में कहा, वह एक ईमानदार इंसान हैं। वह भ्रष्ट आचरण में शामिल होने वाले व्यक्ति नहीं हैं। अगर ऐसा होता तो उन्होंने बहुत कुछ किया होता। अगर आप उन्हें बाहर आने देंगे तो क्या होगा? क्या वह किसी को नुकसान पहुंचाएंगे? वह भी किसी के बेटे हैं। मैं हमेशा सोचता हूं कि वह इस समय क्या कर रहे होंगे। 
विज्ञापन

3 of 4
इमरान खान - फोटो : IANS
क्यों जेल में बंद हैं इमरान?
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान जेल में हैं और उनकी स्थिति को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता बढ़ रही है। इमरान खान 73 वर्ष के हैं और 2023 से रावलपिंडी की जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया है। हालांकि, इमरान ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।
विज्ञापन

4 of 4
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान - फोटो : ANI
1992 में इमरान ने दिलाया था पाकिस्तान को विश्व कप
इमरान खान पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 में पहली और अब तक की एकमात्र पुरुष वनडे विश्व कप ट्रॉफी जीती थी। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इमरान राजनीति में आए और 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने। हालांकि 2022 में उनकी सरकार चली गई। इसके बाद उन पर कई कानूनी मामले दर्ज हुए और 2023 से वह जेल में हैं। इमरान लगातार अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें