वर्ल्ड कप का 12वां सीजन खत्म होते-होते कई क्रिकेट प्रेमियों के दिल तोड़ गया। लॉर्ड्स में खेला गया फाइनल मुकाबला क्रिकेट इतिहास का सबसे यादगार और हैरान करने वाला साबित हुआ। चैंपियन का फैसला रनों या विकेट के आधार पर नहीं बल्कि अधिक बाउंड्रीज के आधार पर किया गया।
कमजोर मानी जा रही न्यूजीलैंड की टीम ने केन विलियमसन की कप्तानी में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंकाया और टूर्नामेंट की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही मेजबान इंग्लैंड को एक-एक रन के लिए तरसा दिया। मैच सिर्फ टाई ही नहीं हुआ बल्कि सुपर ओवर भी टाई रहा। लगभग जीते हुए मुकाबले में न्यूजीलैंड को ICC के अजीबोगरीब नियम की मार झेलनी पड़ी और ओवरथ्रो में छह रन से लेकर सुपर ओवर में जीत जैसे नियमों के सामने झुकना पड़ा।