फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA Records: रांची में चला RO-KO का जादू, रोहित के नाम वनडे में सर्वाधिक छक्के; कोहली ने सचिन को पछाड़ा

Sun, 30 Nov 2025 08:01 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम ने 349 रन बनाए। इस मुकाबले में विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 52वां शतक जमाते हुए एक नया इतिहास बना दिया। वहीं, रोहित शर्मा ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। हम यहां आपको इस मैच से जुड़े रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं...
विज्ञापन
1 of 9
रोहित शर्मा-विराट कोहली - फोटो : PTI
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले जा रहे पहले वनडे में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने एक बार फिर चमक बिखेरी है। दोनों ने इस मैच में शानदार शतकीय साझेदारी से टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हम यहां आपको इस मैच से जुड़े रिकॉर्ड्स के बारे में बता रहे हैं...
विज्ञापन

2 of 9
रोहित शर्मा - फोटो : PTI
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने रोहित शर्मा
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच के दौरान हासिल की। इस मैच से पहले रोहित ये उपलब्धि हासिल करने से तीन छक्के दूर थे और उन्होंने मैच में तीन छक्के लगाते ही पाकिस्तान के शाहीद अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। 

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 छक्के लगाए हैं, लेकिन रोहित के नाम अब इस प्रारूप में 352 छक्के हो गए हैं और वह सभी से आगे निकल गए हैं। रोहित ने पारी के 15वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर प्रेनेलन सुब्रयन की गेंद पर डीप मिडविकेट पर लगातार दो छक्के लगाकर अफरीदी की बराबरी की और फिर मार्को यानसेन की गेंद को डीप स्क्वायर लेग पर पुल करके अफरीदी के काफी कम पारियों में सर्वाधिक वनडे छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड बना लिया।

वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
बल्लेबाज छक्के (वनडे)
रोहित शर्मा 352
शाहिद अफरीदी 351
क्रिस गेल 331
सनथ जयसूर्या 270
एम.एस. धोनी 229
विज्ञापन

3 of 9
विराट कोहली - फोटो : PTI
कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज
इस मुकाबले में किंग कोहली ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। उन्होंने अपने वनडे करियर का 52वां और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का 83वां शतक 102 गेंदों में पूरा किया। इसी के साथ वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली से पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने टेस्ट में 51 शतक लगाए थे, लेकिन अब कोहली उनसे आगे निकल गए हैं। कोहली 294 पारियों में इस उपलब्धि पर पहुंचे हैं। कोहली वनडे प्रारूप में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में पहले ही सचिन को पीछे छोड़ चुके हैं। सचिन के नाम वनडे में 49 शतक हैं।

यह इस साल कोहली का वनडे प्रारूप में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए थे। कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 120 गेंदों पर 11 चौकों और सात छक्के की मदद से 135 रन बनाकर आउट हुए। 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी प्रारूप में सर्वाधिक शतक
बल्लेबाज शतक प्रारूप पारी  मैच
विराट कोहली 52 वनडे 294 306
सचिन तेंदुलकर 51 टेस्ट 329 200
सचिन तेंदुलकर 49 वनडे 452 463
जैक्स कैलिस 45 टेस्ट 280 166

4 of 9
रोहित और कोहली - फोटो : PTI
सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली भारतीय जोड़ी
रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी अब भारत की ओर से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच एक साथ खेलने वाली जोड़ी बन गई। दोनों का साथ में यह 392वां मुकाबला था। दुनिया में अगर सबसे सफल जोड़ियों को देखें, तो इसमें शीर्ष पर श्रीलंका के महान खिलाड़ी महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा हैं, जिन्होंने एक साथ 550 मैच खेले थे। भारतीय जोड़ियों में रोहित–विराट के बाद दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी है, जिन्होंने कुल 391 मैच साथ-साथ खेले थे।

सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली जोड़ी

खिलाड़ी मैच
महेला जयवर्धने-कुमार संगकारा 550
महेला जयवर्धने-तिलकरत्ने दिलशान 426
कुमार संगकारा-तिलकरत्ने दिलशान 418
सनथ जयसूर्या-मुथैया मुरलीधरन 408
जैक्स कैलिस-मार्क बाउचर 407
रोहित शर्मा-विराट कोहली 392
सचिन तेंदुलकर-राहुल द्रविड़ 391
सनथ जयसूर्या -चामिंडा वास 391
विज्ञापन

5 of 9
विराट कोहली - फोटो : PTI
घर में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने विराट कोहली
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में किंग कोहली ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दीं। वह घर में वनडे में सबसे ज्यादा बार 50 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने यह कारनामा 59 बार किया। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 58 बार वनडे में 50 से ज्यादा रनों की पारी खेली। तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस हैं जबकि चौथे पायदान पर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग हैं। 

घर में वनडे में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज
बल्लेबाज देश घर में 50+ स्कोर (वनडे)
विराट कोहली भारत 59
सचिन तेंदुलकर भारत 58
जैक्स कैलिस दक्षिण अफ्रीका 46
रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 45
विज्ञापन

6 of 9
विराट कोहली-रोहित शर्मा - फोटो : PTI
रोहित और कोहली के बीच हुई शतकीय साझेदारी
विराट कोहली ने इस दौरान रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। नांद्रे बर्गर ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। यशस्वी ने तेज शुरुआत दिलाई थी, लेकिन वह इस लय को बरकरार नहीं रख सके और विकेट के पीछे डि कॉक को कैच थमा बैठे। इसके बाद रोहित ने कोहली के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच 109 गेंदों पर 136 रनों की साझेदारी हुई। रोहित अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन मार्को यानसेन ने एलबीडब्ल्यू आउट कर उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। इस तरह रोहित और कोहली के बीच यह साझेदारी टूट गई। रोहित 51 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए।

इसी के साथ रोहित और कोहली के बीच घर में वनडे में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी हुई। 41 पारियों में दोनों के बीच 2598 रनों की साझेदारी हुई। इस मामले में दूसरे स्थान पर कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने हैं, जिन्होंने 57 पारियों में 2596 रनों की साझेदारी की।

घर में वनडे में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी
बल्लेबाजी जोड़ी पारियां घर में रन (वनडे)
विराट कोहली और रोहित शर्मा 41 2598
कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने 57 2596
इयोन मॉर्गन और  जो रूट 38 2364
वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर 51 2310
विज्ञापन

7 of 9
विराट कोहली - फोटो : PTI
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक वनडे शतक
कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया है। सचिन और वॉर्नर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर के प्रारूप में पांच-पांच शतक लगाए हैं, जबकि कोहली इस टीम के खिलाफ वनडे में छह शतक लगा चुके हैं।

द. अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज
खिलाड़ी देश मैच शतक
विराट कोहली भारत  30 6
डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया  30 5
सचिन तेंदुलकर भारत  57 5
केन विलियमसन न्यूजीलैंड  19 4

8 of 9
विराट कोहली - फोटो : PTI
कोहली को रास आता है रांची
रांची का स्टेडियम कोहली को रास आता है और वह यहां पांच पारियों में तीन वनडे शतक लगा चुके हैं। इसके अलावा विशाखापत्तनम में कोहली ने सात में तीन वनडे शतक और पुणे में खेली आठ पारियों में तीन शतक लगाए हैं। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने भी वडोदरा में सात वनडे पारियों में तीन शतक लगाए हैं। रांची में कोहली ने अब तक 110.19 के स्ट्राइक रेट से 519 रन बनाए हैं। उन्होंने इस मैदान पर 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 77, 2014 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 139, 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 45, 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 123 और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2025 में 135 रन बनाए। 

रांची में वनडे मैचों में कोहली का प्रदर्शन
वर्ष विपक्षी टीम स्कोर
2013 इंग्लैंड  77*
2014 श्रीलंका 139*
2016 न्यूजीलैंड  45
2019 ऑस्ट्रेलिया  123
2025 दक्षिण अफ्रीका  135
विज्ञापन

9 of 9
राहुल-जडेजा - फोटो : PTI
भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ा वनडे स्कोर
विराट कोहली के शतक और रोहित शर्मा तथा केएल राहुल के अर्धशतकों की मदद से भारतीय टीम ने पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका के सामने 350 रनों का लक्ष्य रखा है। रांची में खेले जा रहे इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 349 रन बनाए। यह भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है जबकि रांची में सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले 2010 में भारतीय टीम ने ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 401 रन बनाए थे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के सबसे बड़े वनडे स्कोर
रन जगह साल
401/3 ग्वालियर 2010
349/8 रांची 2025
331/7 कार्डिफ (चैंपियंस ट्रॉफी) 2013
326/5 कोलकाता (विश्व कप) 2023
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें