फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA 2nd ODI Photos: दोनों पारियों में नीचे गिरे ऋषभ पंत तो एक ही छोर पर पहुंचे दो भारतीय बल्लेबाज पर नहीं गिरा विकेट

Sat, 22 Jan 2022 02:33 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पार्ल

सार

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। पहला मैच 31 रन से हारने के बाद भारतीय टीम दूसरा मैच भी सात विकेट से हार गई और टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी गंवा दी। 
विज्ञापन
1 of 9
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका - फोटो : सोशल मीडिया
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच भारत सात विकेट से हार गया। इस सीरीज का पहला मैच भी टीम इंडिया ने 31 रन से गंवा दिया था और दूसरी हार के साथ भारत यह सीरीज भी हार चुका है। सीरीज के दूसरे मैच में कई ऐसा घटनाएं हुईं, जिससे फैंस का खूब मनोरंजन हुआ। भले ही भारत को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन पंत की बेहतरीन पारी ने भारतीय फैंस का खूब मनोरंजन किया। 

कप्तान लोकेश राहुल इस मैच में फ्लॉप रहे। उन्होंने बल्ले से भले ही खूब रन बनाए हों, लेकिन कप्तान के रूप में वो कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए। उनकी कप्तानी में भारत अब तक कोई मैच नहीं जीत पाया है। 
विज्ञापन

2 of 9
शिखर धवन - फोटो : सोशल मीडिया
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और शिखर धवन ने लोकेश राहुल के साथ मिलकर भारत को अच्छी शुरुआत दी थी। हालांकि, भारतीय टीम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई। धवन और विराट के जल्दी आउट होने के बाद राहुल और पंत ने भारत की पारी को संभाला। शतकीय साझेदारी करने के बाद ये दोनों भी एक साथ आउट हो गए। इसके बाद श्रेयस और वेंकटेश अय्यर भी सस्ते में पवेलियन लौटे। अंत में शार्दुल और अश्विन ने उपयोगी साझेदारी कर भारत का स्कोर 287 रन तक पहुंचाया। 
विज्ञापन

3 of 9
क्विंटन डिकॉक और यानेमन मलान - फोटो : सोशल मीडिया
288 रन का पीछा करते हुए अफ्रीका ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉक के बीच शतकीय साझेदारी हुई। यहीं से भारतीय टीम मैच से बाहर हो गई थी। बाद में भारतीय गेंदबाजों ने कुछ विकेट भी चटकाए, लेकिन मैच में वापसी नहीं कर पाए। 

4 of 9
रन आउट होने से बचे राहुल - फोटो : सोशल मीडिया
इस मैच में लोकेश राहुल को तीन जीवनदान मिले, लेकिन वो इसका फायदा नहीं उठा सके। एक बार तो राहुल और पंत एक ही छोर पर पहुंच गए थे, लेकिन अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने गलत थ्रो फेंक दिया। इस वजह से राहुल रन आउठ होने से बच गए। इससे पहले उनका एक कैच यानेमन मलान ने छोड़ा था और बाद में एडेन मार्करम ने भी उनका एक कैच छोड़ा। इसके बावजूद राहुल शतक नहीं बना पाए। तीन अहम जीवनदान मिलने के बाद राहुल जैसे बल्लेबाज को मैच जिताऊ पारी खेलनी चाहिए थी, लेकिन वो ऐसा नहीं कर सके। 
विज्ञापन

5 of 9
विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
इस मैच में विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए। केशव महाराज की गेंद पर कप्तान तेम्बा बावुमा ने उनका कैच पकड़ा। पहले मैच में अर्धशतक के बाद विराट से इस पारी में बेहतरीन शतक की उम्मीद थी, लेकिन वो इस पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। 
विज्ञापन

6 of 9
ऋषभ पंत दूसरे वनडे में दोनों पारियों में नीचे गिरे - फोटो : सोशल मीडिया
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच की दोनों पारियों में ऋषभ पंत जमीन पर गिरे। पहले भारत की पारी में बल्लेबाजी करते समय पंत का बैलेंस बिगड़ा और क्रीज में ही गिर गए। हालांकि, इस दौरान न तो उन्हें चोट लगी और नहीं उनके शरीर या बैट का कोई हिस्सा स्टंप पर लगा। इस वजह से वो आउट नहीं हुए। वहीं दूसरी पारी में विकेटकीपिंग करते समय पंत फिर से स्टंप के पीछे गिर गए। इस बार भी वो चोटिल नहीं हुए। पंत की यह पारी भारत के कोई काम नहीं आई और टीम इंडिया यह मैच सात विकेट से हार गई।
विज्ञापन

7 of 9
बुमराह ने मलान को पवेलियन भेजा - फोटो : सोशल मीडिया
दूसरे वनडे में जसप्रीत बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने 10 ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया, लेकिन भारत को मैच नहीं जिता सके। दूसरे छोर पर किसी भी गेंदबाज ने उनकी मदद नहीं की। इसी वजह से अफ्रीकी बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं बन पाया। खासकर भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में जो 16 रन लुटाए, उसकी वजह से अफ्रीकी बल्लेबाजों पावरप्ले में आसानी से बल्लेबाजी की और भारत शुरुआती 10 ओवरों में कोई विकेट नहीं ले पाया। यहीं से टीम इंडिया मैच में पिछड़ गई थी। 

8 of 9
क्विंटन डिकॉक - फोटो : सोशल मीडिया
क्विंटन डिकॉक ने इस मैच में 66 गेंद में 78 रन की बेहतरीन पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और किसी भी गेंदबाज को लय नहीं पकड़ने दी। इस बीच ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे स्टंपिंग का एक मौका भी गंवाया। डिकॉक ने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के भी लगाए। इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। 
विज्ञापन

9 of 9
शतकीय साझेदारी के दौरान ऋषभ पंत और लोकेश राहुल - फोटो : सोशल मीडिया
इस मैच में लोकेश राहुल और ऋषभ पंत के बीच शतकीय साझेदारी हुई, लेकिन भारतीय टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। राहुल के आउट होते ही पंत भी अगले ही ओवर में आउट हो गए। इसके बाद वेंकटेश और श्रेयस भी कुछ खास नहीं कर पाए। जब ये दोनों खेल रहे थे तो लग रहा था कि भारत आसानी से 300 से ज्यादा रन बनाएगा, लेकिन अंत में भारतीय टीम 287 रन ही बना पाई। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें