फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत चार रन से जीता: 225 रन के जवाब में आयरलैंड ने बना डाले 221 रन, आखिरी ओवर में उमरान की बेहतरीन गेंदबाजी

Wed, 29 Jun 2022 01:30 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डबलिन

सार

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 225 रन बनाए थे। दीपक हुड्डा ने 104 रन और संजू सैमसन ने 77 रन की पारी खेली। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 221 रन बना सकी।
विज्ञापन
1 of 8
संजू सैमसन और दीपक हुड्डा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की - फोटो : सोशल मीडिया
डबलिन में खेले गए दो टी-20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में रोमांचक मैच में भारत ने आयरलैंड को चार रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 225 रन बनाए थे। दीपक हुड्डा ने 104 रन और संजू सैमसन ने 77 रन की पारी खेली। जवाब में आयरलैंड की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 221 रन बना सकी।

आखिरी ओवर में आयरलैंड को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे, लेकिन उमरान मलिक ने ये रन आयरलैंड को नहीं बनाने दिए। आखिरी ओवर में आयरलैंड की टीम 12 रन बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की टी-20 सीरीज भी 2-0 से अपने नाम की। पहला टी-20 भारत ने सात विकेट से जीता था।

बतौर कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज में विपक्षी टीम का क्लीन स्वीप किया। शतक जड़ने वाले दीपक हुड्डा प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। उन्होंने पहले टी-20 में भी 47 रन की नाबाद पारी खेली थी।

 
विज्ञापन

2 of 8
आयरलैंड की टीम ने दूसरे टी-20 में शानदार प्रदर्शन किया - फोटो : सोशल मीडिया
इस साल की तीसरी सीरीज जीत
टीम इंडिया ने साल 2022 में तीसरी टी-20 सीरीज जीती। इससे पहले भारत ने श्रीलंका और वेस्टइंडीज को 3-0 से  हराया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। इसके अलावा पिछली 11 द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में भारतीय टीम ने नौवीं सीरीज अपने नाम की।

आयरलैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और सभी फैन्स का दिल जीत लिया। आयरलैंड की ओर से पॉल स्टर्लिंग ने 18 गेंदों पर 40 रन और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने 37 गेंदों पर 60 रन बनाए। आखिर में जॉर्ज डॉकरेल ने 16 गेंदों पर 34 रन और मार्क अडेयर ने 12 गेंदों पर 23 रन की नाबाद पारी खेली।
विज्ञापन

3 of 8
संजू सैमसन - फोटो : सोशल मीडिया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में दीपक हुड्डा के शतक और संजू सैमसन के अर्धशतक की बदौलत सात विकेट पर 225 रन बनाए। दीपक हुड्डा ने 57 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और छह छक्के लगाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक रहा।

दीपक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले भारत के चौथे खिलाड़ी बने। इससे पहले रोहित शर्मा, केएल राहुल और सुरेश रैना ऐसा कर चुके है। वहीं, सैमसन ने 42 गेंदों पर 77 रन की पारी खेली। अपनी पारी में सैमसन ने नौ चौके और चार छक्के लगाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 176 रन की साझेदारी की। यह भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही।

4 of 8
दीपक हुड्डा शतक लगाने के बाद - फोटो : सोशल मीडिया
इन दोनों के अलावा टीम इंडिया के बाकी बल्लेबाज फेल रहे। भारत के तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। इनमें दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल और हर्षल पटेल शामिल हैं। ईशान किशन तीन रन बना सके। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने पांच गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। कप्तान हार्दिक पांड्या नौ गेंदों पर 15 रन और भुवनेश्वर कुमार एक रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड की ओर से मार्क अडेयर ने तीन विकेट झटके। वहीं, जोशुआ लिटिल और क्रेग यंग को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन

5 of 8
पॉल स्टर्लिंग और एंड्रयू बलबर्नी - फोटो : सोशल मीडिया
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम को पॉल स्टर्लिंग और कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने तूफानी शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने 34 गेंदों पर 72 रन की साझेदारी कर डाली। रवि बिश्नोई ने आयरलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने स्टर्लिंग को क्लीन बोल्ड किया। स्टर्लिंग ने 18 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 40 रन की पारी खेली।

इसके बाद गैरेथ डेलानी खाता खोले बिना रन आउट हुए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने डायरेक्ट हिट पर रन आउट किया। इसके बाद कप्तान एंड्रयू बलबर्नी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों पर तीन चौके और सात छक्के की मदद से 60 रन की पारी खेली। लोर्कन टकर कुछ खास नहीं कर सके और नौ गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हुए।
विज्ञापन

6 of 8
आयरलैंड ने बेहतरीन बल्लेबाजी की - फोटो : सोशल मीडिया
उन्हें उमरान मलिक ने सब्सटिट्यूट फील्डर युजवेंद्र चहल के हाथों कैच कराया। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उमरान का पहला विकेट रहा। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैरी टेक्टर को दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। टेक्टर ने 28 गेंदों पर पांच चौके की मदद से 39 रन की पारी खेली। आखिरी दो ओवर में आयरलैंड को 31 रन की जरूरत थी। इसके बाद हर्षल पटेल ने 19वें ओवर में 14 रन लुटाए। 
विज्ञापन

7 of 8
उमरान मलिक ने आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी की - फोटो : सोशल मीडिया
आखिरी ओवर में कप्तान हार्दिक पांड्या ने गेंद उमरान मलिक को थमाई। पहले गेंद पर मार्क अडेयर कोई रन नहीं बना सके। दूसरी गेंद नो बॉल रही। यह गेंद उमरान को फिर से फेंकनी (फ्री-हिट) पड़ी, जिसपर अडेयर ने चौका जड़ा। तीसरी गेंद पर अडेयर ने फिर से चौका लगाया। चौथी गेंद पर उमरान ने एक रन दिया। पांचवीं गेंद पर फिर से एक रन आया।
विज्ञापन

8 of 8
दीपक हुड्डा प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे - फोटो : सोशल मीडिया
आखिरी गेंद पर आयरलैंड को छह रन की जरूरत थी। हालांकि, उमरान की गेंद पर अडेयर सिर्फ एक रन बना सके और इस तरह टीम इंडिया ने चार रन से जीत हासिल की। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई और उमरान मलिक ने 1-1 विकेट लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
  • भारतः ईशान किशन, संजू सैमसन, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, उमरान मलिक और रवि बिश्नोई।
  • आयरलैंडः पॉल स्टर्लिंग, एंड्रयू बलबर्नी (कप्तान), गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर, एंडी मैकब्रायन, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडेयर, क्रेग यंग, कोनोर ओल्फर्ट और जोशुआ लिटिल।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें