भारत ने आयरलैंड को दो मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में सात विकेट से हरा दिया है। बारिश की वजह से मैच लगभग ढाई घंटे बाद शुरू हुआ। अंपायर्स ने ओवरों में कटौती करते हुए मुकाबला 12-12 ओवर का कर दिया था। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में चार विकेट गंवाकर 108 रन बनाए। हैरी टेक्टर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 64 रन बनाए।
जवाब में भारतीय टीम ने 9.2 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर मैच जीत लिया। दीपक हुड्डा 29 गेंदों पर 47 रन और दिनेश कार्तिक चार गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है। सीरीज का अगला मैच मंगलवार को खेला जाएगा।