फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: शार्दुल को लेकर हो रही आलोचना पर आया गंभीर का बयान, कप्तान गिल और पुछल्ले बल्लेबाजों पर भी रखी राय

Wed, 25 Jun 2025 09:37 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

सार

भारत के पुछल्ले बल्लेबाजों (आठ से 11वें नंबर का बल्लेबाज) ने दोनों पारियों को मिलाकर केवल नौ रन का योगदान दिया। गंभीर ने कहा, 'सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि ऐसा नहीं है कि वे योगदान नहीं देना चाह रहे थे। कभी-कभी लोग असफल होते हैं और यह ठीक है।'
विज्ञापन
1 of 6
शुभमन गिल-गौतम गंभीर - फोटो : PTI
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के लिए किसी एक को जिम्मेदार ठहराने से मना कर दिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने अपने ऊपर उठ रहे सवालों का खुलकर जवाब दिया। भारतीय कोच ने अपने खिलाड़ियों का पूरा समर्थन किया और भरोसा जताया कि वे अगले मुकाबले में जरूर वापसी करेंगे। भारत को लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब अगला टेस्ट दो जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा।
विज्ञापन

2 of 6
भारतीय टीम - फोटो : ANI
भारत के पुछल्ले बल्लेबाजों (आठ से 11वें नंबर का बल्लेबाज) ने दोनों पारियों को मिलाकर केवल नौ रन का योगदान दिया। गंभीर ने कहा, 'सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि ऐसा नहीं है कि वे योगदान नहीं देना चाह रहे थे। कभी-कभी लोग असफल होते हैं और यह ठीक है। मुझे पता है कि यह निराशाजनक है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मुझे लगता है कि वे खुद बहुत निराश हैं। क्योंकि वे जानते थे कि हमारे पास मौका है। अगर हम पहली पारी में 570 या 580 रन बना लेते तो हम दबदबा बना सकते थे।'
विज्ञापन

3 of 6
भारतीय टीम - फोटो : ANI
गंभीर ने किसी खिलाड़ी पर अंगुली उठाने या कुछ सितारों के खराब प्रदर्शन को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि टीम एकसाथ जीतती है और एक साथ ही हारती है। उन्होंने कहा, 'ऐसा नहीं है कि वे नेट्स पर भी कड़ी मेहनत नहीं कर रहे हैं। कभी-कभी ऐसी चीजें होती हैं। यहां तक कि कभी-कभी विशेषज्ञ बल्लेबाज भी विफल हो जाते हैं। इसलिए उम्मीद है कि उन्हें सीखने को मिलेगा और अगले मैच में हम अपने पुछल्ले बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद कर सकते हैं। ईमानदारी से कहूं तो यही एकमात्र कारण नहीं है कि हम टेस्ट मैच हार गए। ऐसे कई अन्य मौके भी थे जहां से हम टेस्ट मैच जीत सकते थे। मैं यहां बैठकर यह नहीं कहूंगा कि पुछल्ले बल्लेबाजों ने योगदान नहीं दिया या 8, 9, 10, 11 योगदान नहीं दे पाया इसलिए हार गए। हम एक साथ हारते हैं, हम एक साथ जीतते हैं।'

4 of 6
भारतीय टीम - फोटो : ANI
शार्दुल ठाकुर के खराब प्रदर्शन पर
पूरे मैच में केवल दो विकेट लेने वाले और बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाने वाले शार्दुल ठाकुर के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर गंभीर ने पत्रकारों को ही घेर लिया। उन्होंने कहा कि इस मैच में शार्दुल सिर्फ गेंदबाज के तौर पर नहीं, बल्कि गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में खेल रहे थे।उन्होंने कहा, 'सबसे पहले तो उन्हें विशेषज्ञ गेंदबाज के रूप में नहीं बल्कि गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में लाया गया था। कभी-कभी, कप्तान अपनी प्रवृत्ति के साथ जाता है।'

उन्होंने कहा, 'शार्दुल का थोड़ा कम इस्तेमाल किया गया था, लेकिन शायद इसका कारण यह था कि जडेजा ने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। इसलिए हमने सोचा कि जडेजा हमें मैच पर नियंत्रण देंगे। शार्दुल ने हमें दो विकेट दिलाए। इसलिए मैं यहां बैठकर यह नहीं कहूंगा कि इस आदमी ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की या इस आदमी ने अच्छी गेंदबाजी की। शार्दुल ने हमें दो महत्वपूर्ण विकेट दिए, जिससे हम मैच में वापसी कर सके। मुझे लगता है कि हमें और कंसिस्टेंट होना होगा। यही ज्यादा महत्वपूर्ण है और ये खिलाड़ी सीखेंगे।'
विज्ञापन

5 of 6
भारतीय टीम - फोटो : ANI
शुभमन गिल की कप्तानी पर
भारत के मुख्य कोच से शुभमन गिल की कप्तानी के बारे में भी पूछा गया। गंभीर ने कहा कि गिल में शुरुआती झटकों के बावजूद एक सफल कप्तान बनने के लिए आवश्यक हर गुण है। मुख्य कोच ने कहा, 'देखिए, पहला टेस्ट था और वह बेशक थोड़ा नर्वस होंगे। भारतीय टीम की कप्तानी करना सबसे बड़ा सम्मान है। बहुत से लोगों को वह अवसर नहीं मिलता है। अहम बात यह है कि मुझे लगता है कि गिल ने पहली पारी में जिस तरह से बल्लेबाजी की, मुझे यकीन है कि पहली बार कप्तानी करने के साथ-साथ शतक लगाना उनके लिए कितना खास होगा।'

गंभीर ने कहा, 'गिल के पास वह सब कुछ है जो उन्हें एक सफल कप्तान बनने के लिए चाहिए, लेकिन हमें उन्हें सिर्फ समय देना है। यह अभी भी बहुत शुरुआती दिन हैं। वह पहली बार कप्तान बने हैं। मुझे यकीन है कि वह बेहतर होते जाएंगे और कप्तानी की शुरुआत करने के लिए इंग्लैंड एक मुश्किल जगह है। इसलिए यह किसी को गहरे समुद्र में धकेलने जैसा है और मुझे यकीन है कि वह एक पेशेवर खिलाड़ी के रूप में सामने आएंगे।'
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
भारतीय टीम - फोटो : ANI
बुमराह के वर्कलोड पर गंभीर का बयान
बुमराह ने लीड्स टेस्ट में  करीब 44 ओवर गेंदबाजी की। उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर गंभीर ने कहा, 'नहीं, हमारी योजना पहले की तरह ही है। बुमराह के कार्यभार को प्रबंधित करना महत्वपूर्ण है क्योंकि हमें बहुत सारा क्रिकेट खेलना है। इस दौरे के शुरू होने से पहले यह तय किया गया था कि वह तीन टेस्ट खेलेंगे, लेकिन हमने अभी तक यह तय नहीं किया है कि कौन से तीन। हम देखेंगे कि उनका शरीर कैसा बर्ताव करता है। लेकिन हां, हमें गेंदबाजी समूह पर पूरा भरोसा है। हमने उन्हें उम्मीद पर नहीं, बल्कि भरोसे पर चुना है। वे समय के साथ बेहतर होते रहेंगे।'

पहले टेस्ट में हारा भारत
भारतीय गेंदबाजों के लचर प्रदर्शन और ढीली फील्डिंग का पूरा फायदा उठाते हुए बेन डकेट के शानदार शतक की मदद से इंग्लैंड ने 371 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल करके पहले टेस्ट के पांचवें दिन मंगलवार को भारत को पांच विकेट से हराया। डकेट ने 170 गेंद में 21 चौकों और एक छक्के की मदद से 149 रन बनाए, जबकि जैक क्राउली ने 65 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिये 188 रन की साझेदारी करके भारत की मैच में वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिए थे। इसके बाद जो रूट ने 53 और जैमी स्मिथ ने 44 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। पांच मैचों की सीरीज में अब इंग्लैंड 1-0 से आगे है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें