फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम की उम्मीद बनकर उभरे नीतीश, दबाव में भी आक्रामक बैटिंग कर किया प्रभावित

Wed, 11 Dec 2024 09:02 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ऑस्ट्रेलिया आने से पहले उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में करियर भी अच्छा रहा है। वह निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं और ऐसे में उन्हें बड़ी पारियां खेलने के लिए ज्यादा मौके नहीं मिलते हैं। इसके बावजूद वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अच्छा करने में सफल रहे हैं।
विज्ञापन
1 of 8
नीतीश रेड्डी - फोटो : BCCI
युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चुना गया था तब किसी को यह आभास भी नहीं था कि वह टीम के लिए इस दौरे पर सबसे उपयोगी ऑलराउंडर बन जाएंगे। आंध्र प्रदेश के नीतीश ने आईपीएल में अपने बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था और उन पर भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर की नजर थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गंभीर अंतिम एकादश में एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर चाहते थे जो कुछ ओवर के अपने मुख्य तेज गेंदबाजों को आराम दे सके और जरूरत पड़ने पर विकेट भी निकाल दें। इसके अलावा निचले क्रम पर बल्लेबाजी करके उपयोगी रन टीम के लिए बटोरे।

नीतीश ने अभी तक यह काम बखूबी तौर पर किया है। उन्होंने टीम के लिए अभी तक छोटी लेकिन उपयोगी पारियां खेली हैं। यहां तक कि पर्थ टेस्ट में लाबुशाने का विकेट लेकर टीम को बड़ी सफलता भी दिलाई थी। उन्होंने अपने प्रदर्शन से अभी तक टीम प्रबंधन को प्रभावित किया है जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम को काफी परेशान किया है। इस दौरे पर बल्लेबाजी में उनका रवैया चर्चा का विषय है। उन्होंने गुलाबी गेंद के टेस्ट में मिचेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड पर दर्शनीय छक्के लगाए थे।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
नीतीश रेड्डी - फोटो : PTI
25 फर्स्ट क्लास मैच खेले
ऑस्ट्रेलिया आने से पहले उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में करियर भी अच्छा रहा है। वह निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं और ऐसे में उन्हें बड़ी पारियां खेलने के लिए ज्यादा मौके नहीं मिलते हैं। इसके बावजूद वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अच्छा करने में सफल रहे हैं। वह 25 फर्स्ट क्लास मैचों में 942 रन बना चुके हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 159 रन का रहा है। इसके अलावा उन्होंने इतने ही मैचों में 58 विकेट चटकाए हैं। उनका एक पारी में श्रेष्ठ स्कोर 53 रन देकर पांच विकेट है जबकि मैच में श्रेष्ठ प्रदर्शन 119 रन देकर आठ विकेट है।
विज्ञापन

3 of 8
नीतीश रेड्डी - फोटो : PTI
आक्रामक अंदाज में खेली गईं पारियों ने खींचा ध्यान
नीतीश की तारीफ टीम के सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा, रेड्डी ने वो सबकुछ किया है जो एक युवा खिलाड़ी इतने कम समय में कर सकता है और हमें लगता है कि उनमें काफी संभवानाएं हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तेज गेंदबाजों को खेलना काफी मुश्किल है, लेकिन वह किसी गेंदबाज के समाने संघर्ष करते नहीं दिखे। उन्होंने टीम के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को भी निशाने पर लिया था और उनकी आठ गेंदें पर तीन चौके लगाए थे।

दूसरे टेस्ट में स्टार्क ने उन्हें शॉट खेलने के लिए गेंद थोड़ी बाहर की तरफ डाली और रेड्डी ने गेंद को बाउंड्री के पार भेज दिया रेड्डी ने बोलैंड को अपरंपरागत शॉट खेलते हुए रिवर्स स्वीप कर दिया और गेंद छक्के के लिए गई। पर्थ में तैयारी के दौरान एक तरफ जहां यह लग रहा था कि उन्हें कुछ पहलुओं पर काम करने की जरूरत है वहां से जिस तरह से उन्होंने मैच में प्रदर्शन किया वो प्रशंसनीय है। पहले मैच में हमारा 150 के स्कोर तक पहुंचना बेहतरीन था। उन्हें अभी भी काफी काम करना है लेकिन एक 21 वर्षीय युवा का इस अंदाज में तीन पारियां खेलना काफी उत्साहित करने योग्य है।

4 of 8
नीतीश रेड्डी - फोटो : PTI
चार वर्ष पहले शुरू किया पेशेवर क्रिकेट
चार वर्ष पहले ही 21 साल के रेड्डी ने पेशेवर क्रिकेट खेलना शुरू किया है। भविष्य की योजनाओं को देखते हुए टीम प्रबंधन पर उन पर दांव लगा रहा है। हार्दिक पंड्या लाल गेंद के क्रिकेट में कम खेल रहे हैं जबकि शार्दुल ठाकुर 33 वर्ष के होने के कारण फिट नहीं बैठ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रेड्डी चार में से तीन पारियों में आक्रामक शॉट् खेलते हुए ही आउट हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया में मेहमान टीम के लिए निचले क्रम के बल्लेबाजों के रन काफी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में नीतीश का सातवें नंबर पर आकर रन बनाना टीम के लिए काफी अहम रहेगा। अब गाबा में भी तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर भी नीतीश की बल्लेबाजी पर सभी का ध्यान रहेगा।
विज्ञापन

5 of 8
भारतीय टीम - फोटो : Screen Grab
ब्रिसबेन टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाजों ने लाल गेंद से किया अभ्यास
गुलाबी गेंद के दिन-रात्रि क्रिकेट टेस्ट में 10 विकेट की करारी हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय बल्लेबाजों ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में वापसी के लक्ष्य के साथ मंगलवार को यहां लाल गेंद से कड़े नेट सत्र में हिस्सा लिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम शनिवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट के लिए ब्रिसबेन पहुंच गई है, लेकिन भारतीय टीम ने लाल गेंद के अपने कौशल को निखारने पर ध्यान देने के लिए यहीं रुकने का फैसला किया।
विज्ञापन

6 of 8
भारतीय टीम - फोटो : ICC
भारतीय टीम ने अपनी रक्षात्मक तकनीक और गेंदों को छोड़ने पर ध्यान दिया। भारतीय टीम के अभ्यास का वीडियो साझा करते हुए बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर लिखा, अब आगे के बारे में सोचने का समय है। ब्रिसबेन टेस्ट की तैयारी यहां एडिलेड में शुरू हो चुकी है। खराब फॉर्म से जूझ रहे भारतीय कप्तान रोहित पिछली 12 पारियों में एक अर्धशतक (52) के साथ सिर्फ 142 रन बना पाए हैं। वह अपने बेटे के जन्म के कारण पहले टेस्ट में नहीं खेल पाए थे और मंगलवार को उन्होंने भारतीय स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनों का सामना करते हुए जल्दी से जल्दी लय हासिल करने का लक्ष्य रखा।
विज्ञापन

7 of 8
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
दूसरे टेस्ट में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रोहित ने दो पारियों तीन और छह रन बनाए। वह पहली पारी में पगबाधा हुए जबकि दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने उन्हें बोल्ड किया। पर्थ में पहले टेस्ट में शतक के साथ 16 महीने के शतक के सूखे को समाप्त करने वाले कोहली गुलाबी गेंद के टेस्ट में दोनों पारियों में विकेट के पीछे आउट हुए। उन्होंने पहली पारी में दूसरी स्लिप जबकि दूसरी पारी में विकेट को कैच थमाया। स्टार भारतीय बल्लेबाज कोहली ने पूरे जज्बे के साथ अभ्यास किया। उन्होंने नेट सत्र की शुरुआत में सावधानी बरती, लेकिन फिर धीरे-धीरे लय में आ गए। लोकेश राहुल अधिक शांत दिखे। उन्होंने अपने डिफेंस पर अधिक ध्यान दिया जबकि ऋषभ पंत ने कुछ पिक अप शॉट खेले।
विज्ञापन

8 of 8
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
शुरुआती टेस्ट में भारत की 295 रन की विशाल जीत में 161 रन की पारी खेलने वाले युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कुछ अच्छे शॉट लगाए और भारतीय गेंदबाजों के सामने भी आक्रामक रुख अपनाया। गेंदबाजी इकाई में हर्षित राणा, आकाशदीप, यश दयाल और रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन और वाशिंगटन सुंदर की स्पिन तिकड़ी शामिल थी जबकि कुछ थ्रोडाउन विशेषज्ञ भी थे। बुमराह और मोहम्मद सिराज की प्रमुख भारतीय तेज गेंदबाजी जोड़ी के साथ-साथ तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने अधिक पसीना नहीं बहाया। भारत को बुधवार को ब्रिसबेन पहुंचना है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें