बीपीएल से हटाए जाने की खबरों पर भारतीय प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक ने साफ किया कि यह उनका निजी फैसला था, न कि बीसीबी का कोई कदम। भारत-बांग्लादेश के बीच मुस्तफिजुर रहमान, आईपीएल प्रसारण प्रतिबंध और टी20 वर्ल्ड कप वेन्यू विवाद के बीच रिद्धिमा का बयान सामने आया। उन्होंने दो टूक कहा कि उनके लिए देश पहले है और क्रिकेट सच का हकदार है।
भारत और बांग्लादेश के बीच खेल संबंधों में तनाव एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) से जुड़ा है, जहां भारतीय स्पोर्ट्स प्रेजेंटर रिद्धिमा पाठक को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बांग्लादेशी मीडिया की कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने रिद्धिमा पाठक को बीपीएल के होस्टिंग पैनल से हटा दिया है। हालांकि, रिद्धिमा ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए साफ किया कि उन्होंने खुद इस लीग से हटने का फैसला लिया था।
विज्ञापन
2 of 7
रिद्धिमा पाठक
- फोटो : Instagram
कौन हैं रिद्धिमा पाठक
रिद्धिमा पाठक भारतीय खेल प्रसारण जगत का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने वर्षों तक क्रिकेट कवरेज में ईमानदारी, पेशेवर रवैये और संतुलित पत्रकारिता के लिए पहचान बनाई है। भारत के अलावा विदेशी लीग्स में भी उनकी मौजूदगी रही हैं। ऐसे में बीपीएल से जुड़ा यह विवाद केवल एक लीग तक सीमित न रहकर भारत-बांग्लादेश के व्यापक खेल और कूटनीतिक रिश्तों से जुड़ गया।
मुस्तफिजुर रहमान विवाद से जुड़ा पूरा मामला
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत तीन जनवरी को हुई, जब बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए भारत के खिलाफ जवाबी कदम उठाए। बांग्लादेश ने न केवल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर देशव्यापी प्रतिबंध लगा दिया, बल्कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अपने मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग भी रखी।
बीपीएल से हटाए जाने की खबरों पर रिद्धिमा का जवाब
बीसीसीआई और बीसीबी के बीच बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेशी मीडिया में यह खबर आई कि रिद्धिमा पाठक को बीपीएल से बाहर कर दिया गया है। इस पर रिद्धिमा ने सोशल मीडिया के जरिए खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, 'पिछले कुछ घंटों में यह नैरेटिव चलाया जा रहा है कि मुझे बीपीएल से ड्रॉप कर दिया गया। यह सच नहीं है। यह मेरा निजी फैसला था कि मैं खुद इस लीग से हटूं।'
विज्ञापन
5 of 7
रिद्धिमा पाठक
- फोटो : Instagram
'मेरे लिए देश पहले है'
रिद्धिमा ने अपने बयान में साफ किया कि उनके लिए देश और क्रिकेट दोनों सर्वोपरि हैं। उन्होंने लिखा, 'मेरे लिए मेरा देश हमेशा पहले आता है। और मैं क्रिकेट को किसी एक असाइनमेंट से कहीं ऊपर मानती हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने वर्षों तक इस खेल की सेवा ईमानदारी, सम्मान और जुनून के साथ की है। यह कभी नहीं बदलेगा।'
'क्रिकेट सच का हकदार है'
अपने बयान के अंत में रिद्धिमा ने बेहद स्पष्ट शब्दों में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, 'मैं ईमानदारी, स्पष्टता और खेल की भावना के साथ खड़ी रहूंगी। जिन्होंने मेरा समर्थन किया, आप सभी के मैसेज के लिए धन्यवाद। आप जितना सोचते हैं, उससे कहीं ज्यादा आपके मैसेज मेरे लिए मायने रखते हैं। क्रिकेट सच का हकदार है। बस। इस पर मेरी ओर से कोई और टिप्पणी नहीं होगी।' उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर व्यापक समर्थन मिला और कई लोगों ने उनके स्टैंड की सराहना की।
बांग्लादेश को ICC से झटका
इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी बड़ा झटका लगा है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप के मैच भारत में ही खेलने होंगे, अन्यथा उन्हें मैच अंक गंवाने पड़ सकते हैं। इससे श्रीलंका में मैच शिफ्ट कराने की बीसीबी की कोशिशों को झटका लगा है।