बीसीसीआई ने शनिवार को घरेलू क्रिकेट के नए सत्र के कार्यक्रम की घोषणा की। इस बार छत्तीसगढ़ की टीम को नई टीम के रूप में शामिल किया गया है। नए रणजी ट्रॉफी चैंपियनशिप के नए सीजन की शुरुआत 6 अक्टूबर को होगी। इस बार इसमें कुल 28 टीमें शिरकत करेंगी। रणजी टॉफी का समापन 11 जनवरी, 2017 को पांच दिवसीय फाइनल के साथ खत्म होगा।
रणजी ट्रॉफी में लीग मैच चार-चार दिन के होंगे जबकि क्वॉर्टर फाइनल से फाइनल तक सभी नॉक आउट मैच पांचदिवसीय होंगे। हालांकि 2016-17 के घरेलू क्रिकेट सीजन का आगाज 23 अगस्त को दिलीप ट्रॉफी के इंडिया ग्रीन और इंडिया रेड के बीच खेले गए मैच के साथ हो चुका है। लेकिन इस सत्र का समापन 29 मार्च को खेले प्रोफेसर डी बी देवधर ट्रॉफी वन-डे (चैलेंजर ट्रॉफी फॉर्मेट) के फाइनल से होगा।
इस बार मैचों के आयोजन स्थलों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है रणजी ट्रॉफी मैच इस बार न्यूट्रल (तटस्थ स्थलों) पर होंगे। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सौरभ गांगुली की अगुवाई वाली तकनीकी समिति की सिफारिशों के पर किया गया। इस बदलाव का रणजी ट्रॉफी के ज्यादातर कप्तानों से स्वागत किया है।
रणजी ट्रॉफी में शिरकत करने वाली 28 टीमों को तीन ग्रुप में बाटा गया है। ग्रुप ए और बी में 9-9 टीमें होंगी जबकि ग्रुप सी में 10 टीमों को रखा गया है। नवोदित छत्तीसगढ़ को ग्रुप सी में जगह दी गई है। ग्रुप ए और बी से टॉप तीन टीमें जबकि ग्रुप सी से टॉप दो टीमें क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचेंगी।
नॉक आउट दौर 17 दिसंबर से शुरू होगा। नॉक आउट मुकाबले भी न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। रणजी टॉफी के समाप्त होने के बाद रणजी चैंपियन और शेष भारत एकादश के बीच ईरानी कप पांच दिवसीय मैच 18 से 22 जनवरी तक खेला जाएगा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 टूर्नामेंट के जोनल लीग मैच 29 जनवरी से 5 फरवरी तक और इंटर जोनल मुकाबले 12 से 18 फरवरी तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसमें सेंट्रल, नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट और साउथ जोन की टीमें शिरकत करेंगी।
वन डे अंतर्राज्यीय लीग टूर्नामेंट 25 फरवरी से 6 मार्च तक होगा और इसमें कुल 28 टीमें शिरकत करेंगी। इन टीमों को सात-सात टीमों के चार ग्रुपों में बांटा गया है। इसमें ग्रुप दिल्ली, ओडिशा, चेन्नई और कोलकाता में खेले जाएंगे। हर ग्रुप से दो-दो शीर्ष टीमें क्वॉर्टर फाइनल के लिए क्वॉलिफाई करेंगी। फाइनल 18 मार्च को खेला जाएगा।