चंडीगढ़ में सुखना लेक पर आए ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने बालीवुड अभिनेता सलमान खान द्वारा अपनी फिल्म सुल्तान में कुश्ती को प्रमोट करने पर खुशी तो जताई है, हालांकि उनको गुडविल अंबेसडर बनाए जाने पर आज भी सवाल उठाने से नहीं चूके।
उन्होंने कहा कि वह अपनी इस बात पर कायम हैं कि खेल और फिल्म दो अलग अलग चीजें हैं। योगेश्वर दत्त ने कहा कि खेल की पहचान फिल्म से नहीं बल्कि खिलाड़ियों के पदक जीतने से होती है। इसलिए हीरो से रियल लाइफ काफी अलग है।
उन्होंने सलमान को रियो ओलंपिक के लिए गुडविल अबेंसडर बनाने के बारे में कहा की इस पद के लिए हमेशा खिलाड़ी को ही नियुक्त करना चाहिए। वहीं, सचिन तेंदुलकर को भी गुडविल अंबेसडर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह आईओए का बेहतरीन फैसला है। सचिन एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे है, जिन्होंने क्रिकेट में कई सालों तक योगदान दिया हैं।
योगेश्वर ने कहा कि वह इस बार ओलंपिक में अपने पदक का रंग बदलने के लिए जोर लगा देंगे। पिछले ओलंपिक में योगेश्वर ने ब्रांज जीता था इसबार वह गोल्ड जीतना चहाते हैं। योगेश्वर ने कहा कि इस बार रियो ओलंपिक में चार से अधिक मेडल आने की उम्मीद है।