आरोपियों से बरामद कारें।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने लुधियाना के जगरांव के पास चार युवकों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी पुलिस को चकमा देने को लग्जरी कारों से हेरोइन की सप्लाई करते थे। इन्हीं आरोपियों में एक पायल के गांव राणों का पूर्व अकाली सरपंच गुरदीप सिंह राणों भी है। राणों की हर दल के नेताओं संग करीबी थी। सरकार जिस भी पार्टी की आई, राणों की चौधर कभी कम नहीं हुई। राणों की मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के राजनीतिक सलाहकार कैप्टन संदीप संधू, सीएम के ओएसडी अंकित बांसल समेत शिरोमणि अकाली दल के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया, मुल्लांपुर दाखा से अकाली विधायक मनप्रीत सिंह अयाली सहित कई बड़े नेताओं के साथ फोटो वायरल हुई है।
वहीं राणों की गिरफ्तारी के बाद सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेसी और अकाली एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि सूबे में नशे का कारोबार कांग्रेसी और अकाली दल के नेताओं की तरफ से चलाया जा रहा है। वहीं रविवार को एसटीएफ ने तस्करी में गिरफ्तार राणों सहित चारों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी।