आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के नाम से जारी एक पत्र में देश के सात बड़े रेलवे स्टेशन और तीन धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पत्र में कहा गया है कि अगर अमरनाथ यात्रा तत्काल नहीं रोकी गई तो पठानकोट, अमृतसर, फिरोजपुर, जम्मू, जोधपुर, जयपुर व बीकानेर के स्टेशन, अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर व जम्मू के रघुनाथ मंदिर को बम से उड़ा दिया जाएगा।
यह पत्र डाक से पठानकोट के भड़ोली रेलवे स्टेशन अधीक्षक के नाम भेजा गया है। पत्र को तस्लीम मौलवी नाम के व्यक्ति ने भेजा है, जिसने खुद को जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित बताया है। जानकारी के अनुसार, पठानकोट के भड़ोली रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजेश शहरिया मंगलवार शाम ड्यूटी खत्म करने करके गुरदासपुर स्थित घर आ रहे थे।
इस दौरान गुरदासपुर के स्टेशन मास्टर ने उन्हें एक पत्र दिया। हिंदी में लिखा यह पत्र राजेश शहरिया के नाम था। शहरिया ने जब घर जाकर पत्र खोला तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी।