देश के एक स्टार पहलवान शादी करने जा रहे हैं और वे अपने विवाह में एक बेहद खास रस्म निभाएंगे। उन्होंने सगाई भी सिर्फ एक रुपये में की है और कुछ ऐसा होगा आयोजन...
हम बात कर रहे हैं दुनिया के नंबर वन पहलवान रह चुके बजरंग पूनिया की, जिन्होंने आमिर खान की मूवी दंगल के रीयल हीरो महावीर फौगाट की छोटी बेटी संगीता फौगाट के साथ सगाई की है। दोनों ओलंपिक 2020 के बाद शादी करेंगे। वहीं बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट अपनी-अपनी शादी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का आठवां फेरा भी लेंगे। इससे पहले सगीता की बहन गीता फौगाट और विनेश फौगाट ने भी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का आठवां फेरा लिया था। उनकी बहन बबीता फौगाट भी एक दिसंबर को पहलवान विवेक सुहाग संग आठवां फेरा लेंगी।
सोनीपत के मॉडल टाउन में बजरंग पूनिया के घर बेहद सादगी से सगाई की रस्म पूरी की गई, जिसमें दोनों परिवार के चंद लोग ही शामिल हुए। एक ओर रिश्ता तय करने की रस्म पूरी हुई, वहीं दूसरी ओर बजरंग से पिता बलवान सिंह ने साफ कह दिया कि देश के लिए ओलंपिक पदक जीतकर लाने का वादा करने के बाद ही रिश्ता किया गया है। इसलिए अब वह अपने इस वादे को पूरा करे और ओलंपिक में मेडल जीतकर लाए। बजरंग ने भी कहा कि वह अपने पिता से किया हुआ वादा जरूर पूरा करेंगे और ओलंपिक में पदक लाने के लिए ही पहले से ज्यादा मेहनत करेंगे।
बता दें कि बजरंग पूनिया और संगीता फौगाट काफी समय से दोस्त हैं। दोनों के परिवारों ने बातचीत करके रिश्ता तय किया और शादी ओलंपिक के बाद ही करने का फैसला किया। सगाई की रस्म के लिए संगीता फौगाट के पिता महाबीर फौगाट, भाई राहुल, बहन रितु फौगाट, बहन गीता फौगाट, उसके पति पवन कुमार समेत चाचा व अन्य परिजन बजरंग पूनिया के घर पहुंचे। बजरंग के घर भी केवल परिवार के सदस्य मौजूद रहे और किसी रिश्तेदार तक को नहीं बुलाया गया था। बजरंग पूनिया को सभी ने आशीर्वाद के साथ ही शगुन दिया और शगुन में उन्होंने सिर्फ एक रुपया लिया।
संगीता के पिता महावीर फौगाट ने कहा कि बजरंग और संगीता दोनों एक-दूसरे को अच्छे से समझते हैं और वे किसी भी तरह की परेशानी में साथ खड़े रहते हैं। इसलिए उनका रिश्ता करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच आगे भी इस तरह प्रेम बना रहेगा। बजरंग के पिता बलवान सिंह ने कहा कि दोनों ही पहलवानों के परिवार हैं और अब पहलवानों के परिवारों के बीच रिश्तेदारी होने जा रही है। बजरंग और संगीता दोनों के साथ ही परिवार के लोग भी शादी के लिए तैयार हुए और इनका रिश्ता तय कर दिया गया, लेकिन शादी ओलंपिक के बाद ही कराई जाएगी।